नई दिल्ली।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को निजी वाहन चालकों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की है। 15 अगस्त 2025 से देशभर के नेशनल हाईवे पर यात्रा करने वाले कार, जीप और वैन जैसे निजी वाहनों के लिए ₹3000 का FASTag आधारित वार्षिक पास शुरू किया जा रहा है।
यह पास एक वर्ष के लिए वैध रहेगा या अधिकतम 200 ट्रिप तक—जो पहले पूरा हो। इस पहल का उद्देश्य टोल प्लाज़ा पर लगने वाली लंबी कतारों, विवादों और अतिरिक्त भुगतान की समस्याओं को समाप्त करना है।
आम लोगों को क्या होगा फायदा?
✅ ₹3000 में पूरे साल या 200 ट्रिप तक नेशनल हाईवे का सीमलेस सफर
✅ बार-बार टोल भुगतान की झंझट से छुटकारा
✅ 60 किमी रेंज में टोल प्लाज़ा को लेकर चल रही लंबे समय की चिंता का समाधान
✅ सफर होगा तेज़, सुगम और विवादरहित
यह वार्षिक पास सिर्फ निजी उपयोग वाले वाहनों (गैर-व्यावसायिक) के लिए लागू होगा। इसकी सक्रियता और नवीनीकरण के लिए जल्द ही एक विशेष लिंक राजमार्ग यात्रा ऐप (Rajmarg Yatra App) और NHAI व MoRTH की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध होगा।
“प्रगति का हाईवे”: सरकार का मकसद
गडकरी ने कहा कि यह योजना सिर्फ टोल व्यवस्था को आसान बनाने का प्रयास नहीं, बल्कि भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर को जनता के लिए लाभकारी और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे देशभर में टोल प्लाज़ा पर लगने वाले जाम में कमी आएगी, फास्टैग भुगतान प्रणाली को मजबूती मिलेगी और यात्रा का अनुभव बेहतर होगा।
