Bihar Chunav 2025 Voting: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान गुरुवार को सुबह 7 बजे शुरू हुआ। सुबह 9 बजे तक 13.13 प्रतिशत वोटिंग हुई है। अब तक सीएम नीतीश कुमार, मुकेश सहनी, तेजस्वी यादव, लालू यादव सहित कई बड़े नेताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
Bihar Chunav 2025 Voting: सहरसा में सबसे ज्यादा जबकि पटना में सबसे कम वोटिंग हुई है। पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान के साथ ही कई सियासी दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी। तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, अनंत सिंह, मैथिली ठाकुर और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा सहित नीतीश सरकार के 16 मंत्रियों की किस्मत का फैसला पहले चरण में होगा।

घूंघट में वोट देने निकली महिलाएं
आरा में लोकतंत्र के महापर्व में ग्रामीण इलाकों की महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। परंपरा और संस्कृति का सम्मान करते हुए कई महिलाएं घुंघट में बूथ तक पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। धूप के बावजूद उनमें उत्साह दिखा। मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। कई पहली बार वोट देने आईं युवतियां भी लोकतंत्र की मजबूती का हिस्सा बनीं। महिलाओं ने कहा कि उनका वोट विकास की दिशा तय करेगा। ग्रामीण इलाकों में घूंघट में भी जागरूकता और भागीदारी का यह नजारा लोकतंत्र के प्रति बढ़ते विश्वास की मिसाल रहा।
पवन सिंह ने पैतृक गांव में किया मतदान
भोजपुरी के सिने अभिनेता और भाजपा के स्टार प्रचारक पवन सिंह ने गुरुवार को बड़हरा विधानसभा क्षेत्र के अपने पैतृक गांव जोकहरी में मतदान किया। वे सुबह बूथ पर पहुंचे और पंक्ति में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा— “पहले मतदान, फिर जलपान।” उनके मतदान को लेकर गांव में काफी उत्साह रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि पवन सिंह जैसे लोकप्रिय चेहरे का वोट देना युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सभी से मतदान में भाग लेने की अपील की।
वोट डालने पहुंचे खेसारी लाल यादव
सारण जिला के एकमा विधानसभा क्षेत्र के रसूलपुर राजकीय बुनियादी विद्यालय बूथ पर वोट देने के लिए डालने के लिए पहुंचे भोजपुरी सिनेमा के सिने स्टार खेसारी लाल यादव। हालांकि खेसारी लाल यादव सारण जिले के छपरा विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए- सम्राट चौधरी
बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए वोट डालने के बाद, डिप्टी सीएम और तारापुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार सम्राट चौधरी ने कहा, “एनडीए प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आ रही है… बिहार में एक अच्छी सरकार बननी चाहिए और नीतीश कुमार द्वारा किए गए काम जारी रहने चाहिए। बिहार में बहुत मेहनत से बदलाव आया है…”
हरियाणा चुनाव में धोखाधड़ी के राहुल गांधी के दावों पर उन्होंने कहा, “चार महीने हो गए हैं और वह एक भी सबूत नहीं दे पाए हैं। हमने उनके जैसा विपक्षी नेता कभी नहीं देखा। कम से कम कुछ तैयारी तो करो। मुझे लगता है कि इटली की एक टीम उनके साथ बैठी है…”
बिहार में जो बदलाव लाएगा, हम उसके साथ रहेंगे- तेज प्रताप यादव
जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने कहा कि किसी की भी सरकार रहे, जो आम आदमी को रोजगार देगी, पलायन रोकेगी, बिहार में बदलाव लाएगी, हम उसके साथ रहेंगे। जनता मालिक है, जनता ही चीजें बनाती और बिगाड़ती है। विरासत लोहिया जी और कर्पूरी ठाकुर की है। विचारधारा सामाजिक न्याय, संपूर्ण परिवर्तन, संपूर्ण क्रांति की है। जैसे हमारे पिताजी कहते थे कि अगर हमें प्रधानमंत्री बनने का मौका मिले तो हम क्यों छोड़ेंगे, वैसे ही अगर हमें मुख्यमंत्री बनने का मौका मिले तो हम क्यों छोड़ेंगे। बनेंगे या नहीं बनेंगे, यह 14 तारीख को तय होगा, लेकिन हम इतने लोभी नहीं हैं कि हमें कुर्सी पर बैठना है।
यह भी पढ़े :
- जम्मू कश्मीर में बर्फ से ढके पहाड़, सर्द हुआ मौसम का मिजाज, कई मार्ग हुए बंद
- बिलासपुर ट्रेन हादसे में अब तक 11 की मौत और 20 घायल, अज्ञात में दर्ज हुई एफआईआर
- भारत-इजरायल के बीच रक्षा साझेदारी को मजबूत करने के लिए एमओयू, आतंकवाद पर भी चर्चा
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02