Women’s ODI World Cup: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 88 रन से हरा दिया। भारत 248 रन का लक्ष्य दिया। वहीं पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए सिदरा अमीन ने 81 रन की पारी खेली। वहीं दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ ने तीन-तीन विकेट झटके।
Women’s ODI World Cup: इससे पहले भारत ने ऋचा की 35 रन की पारी की बदौलत 50 ओवर में 247 रन बनाए। महिला क्रिकेट में यह पहला मौका था जब पाकिस्तान ने भारतीय टीम को ऑलआउट किया। इस मैच में टॉस के फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद हुआ। इतना ही नहीं भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे मैच के दौरान कीट-पतंगों की वजह से खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था। जिस वक्त मैच रोका गया था तब भारत का स्कोर 34 ओवर में चार विकेट खोकर 154 रन था।

कीट पतंगों से बॉलर व बैट्समैन को हुई दिक्कत
मैदान पर उड़ रहे कीट-पतंगें खिलाड़ियों के सिर पर मंडरा रहे थे और आंखों में जा रहे थे, जिससे बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों में दिक्कत हो रही थी। पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान पर कीटनाशक स्प्रे करती नज़र आईं। 248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पाकिस्तान ने 11।1 ओवर में 26 के स्कोर पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। लेकिन सिदरा अमीन और नतालिया परवेज़ ने पाकिस्तान की पारी को संभालने की कोशिश की।
सिदरा और नतालिया के बीच 69 रन की साझेदारी
दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को क्रांति गौड़ ने नतालिया का विकेट लेकर तोड़ दिया। नतालिया 33 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद पाकिस्तान का पांचवां विकेट दीप्ति शर्मा ने लिया। उन्होंने फ़ातिमा सना को कैच आउट कराया। फ़ातिमा महज़ 2 रन बना सकीं। लगातार गिरते विकेटों के बीच सिदरा अमीन हालांकि एक छोर पर मजबूती के साथ डटी रहीं। सिद्रा नवाज़ ने 14 रन की पारी खेली, उन्हें स्नेह राणा ने पवेलियन वापस भेज दिया।
क्रांति ने 10 ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट लिए
सिदरा अमीन शतक की ओर आगे बढ़ रही थीं। पर उन्हें 81 के स्कोर पर स्नेह राणा ने आउट कर दिया। वहीं दीप्ति शर्मा ने रमीन शमीम को खाता खोलने का मौका ही नहीं दिया। भारत के लिए क्रांति गौड़ ने 10 ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। दीप्ति शर्मा को भी तीन विकेट मिले। वहीं स्नेह राणा ने दो खिलाड़ियों को पवेलियन वापस भेजा।
टॉस को लेकर हुआ विवाद
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे मैच में टॉस को लेकर भी विवाद देखने को मिला। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने टॉस के दौरान फैसले पर सवाल उठाए हैं। टॉस के दौरान फ़ातिमा सना से उनका कॉल पूछा गया तो उन्होंने टेल्स कहा। लेकिन वहीं मौजूद रहे मैच ऑफिशियल्स ने कहा कि हेड्स इज द कॉल। इसके बाद जब कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सिक्का उछाला और हेड्स आया तो पाकिस्तान को टॉस का विजेता घोषित किया गया।
सोशल मीडिया पर बरसे फैंस
अभिषेक शेट्ठी नाम के यूजर ने सोशल मीडिया पर इस बारे में लिखा, “पाकिस्तान की कप्तान ने कहा टेल्स, लेकिन प्रेजेंटर ने कहा हेड्स और टॉस का फैसला पाकिस्तान के हक में दे दिया गया। अभिषेक नाम के यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “टॉस हुआ। हरमनप्रीत कौर ने सिक्का उछाला। पाकिस्तान की कप्तान ने कहा टेल्स। लेकिन मैच रेफरी ने कहा, हेड इज द कॉल, इन इट्स हेड्स।” असद नाम के यूजर ने लिखा, “भारतीय कप्तान ने सिक्का उठाला। फ़ातिमा ने कहा, टेल्स। लेकिन मैच रेफरी ने कहा, इट्स हेड्स। और पाकिस्तान ने पहले गेंदबाज़ी चुनी।”
247 रन बनाकर ऑलआउट हुई भारतीय टीम
यह मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो के आर। प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर 247 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। स्मृति मांधना और प्रतिका रावल की जोड़ी ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर स्मृति मंधाना 23 रन बनाकर आउट हो गईं। वहीं प्रतिका रावल ने 23 और हरलीन देओल ने 46 रन की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 19 रन बनाए। जेमिमा रॉड्रिग्स ने भारतीय पारी में 32 रन का योगदान दिया।
35 ओवर में 159 के स्कोर पर पांच विकेट गंवाए
भारत ने 35 ओवर में 159 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने 25 और स्नेह राणा ने 20 रन की पारी खेलकर भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। अंत में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं ऋचा घोष ने 20 गेंद में 35 रन की पारी खेली। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। पाकिस्तान ने पांच गेंदबाज़ों का इस्तेमाल किया। डायना बेग के चार विकेट के अलावा कप्तान फ़ातिमा सना और सादिया इकबाल ने दो-दो विकेट लिए।
यह भी पढ़ें:
- दार्जिलिंग में भारी बारिश से टूटा कहर, दुधिया पुल टूटने से 14 की मौत और कई लोग लापता
- कफ सिरप से मौत मामले में स्वास्थ्य सचिव राज्यों के साथ की बैठक, जारी हो सकते हैं कड़े निर्देश
- मध्य प्रदेश में कोल्डरिफ कफ सिरप पीने से अब तक 11 बच्चों की मौत, दवा पर लगाया बैन
खिलाड़ियों ने नहीं मिलाए हाथ
भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच एशिया कप से शुरू हुआ हाथ नहीं मिलाने का सिलसिला महिला वर्ल्ड कप में भी जारी रहा। टॉस के दौरान और मैच के बाद भारत और पाकिस्तान की खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाए। इससे पहले एशिया कप में भारत और पाकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच तीन बार टक्कर हुई।
लेकिन तीनों ही बार खिलाड़ियों ने आपस में हाथ नहीं मिलाए। हालांकि भारतीय महिला टीम ने वनडे में पाकिस्तानी टीम के खिलाफ अजेय रहने का रिकॉर्ड कायम रखा है। अब तक दोनों टीमों के बीच 12 बार टक्कर हुई है और हर बार भारतीय टीम ही जीत दर्ज करने में कामयाब रही है।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02