Home ताजा ख़बरें क्राइम यूपी के कानपुर में बीच बाजार चोरी की स्कूटी में विस्फोट, 12...

यूपी के कानपुर में बीच बाजार चोरी की स्कूटी में विस्फोट, 12 लोग हुए घायल, कई गंभीर

यूपी के कानपुर में भरे बाजार में धमाके के बाद बिखरा सामान। सोशल मीडिया

Kanpur Explosion: दीपावली से पहले यूपी लगातार विस्फोट होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बीते दिनों फर्रुखाबाद में हुए धमाके में दो लोगों की जान चली गई थी। वहीं बुधवार को कानपुर के मेस्टन रोड स्थित मिश्री बाजार मोड़ पर विस्फोट हुआ। इसमें 12 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, विस्फोट दो स्कूटरों में हुआ, जिसके कारणों की जांच की जा रही है।

Kanpur Explosion: मेस्टन रोड स्थित मिश्री बाजार में मरकज मस्जिद से 100 मीटर दूर खड़ी चोरी की स्कूटी में बुधवार शाम भीषण विस्फोट हुआ। इसकी चपेट में आकर 12 लोग घायल हो गए। आठ लोग उर्सुला अस्पताल ले जाए गए, जिसमें चार लोग 50 प्रतिशत झुलसे हैं। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और कई दीवारों पर दरारें पड़ गईं। दो स्कूटी के परखचे उड़ गए। सीएम ने मामले की रिपोर्ट मांग ली है।

कई दुकानदार दुकानें बंद कर भाग निकले

घटना के बाद कई दुकानदार दुकानें बंद कर भाग निकले। डाक्टरों के अनुसार घायलों के जख्म देखकर लग रहा है कि तीव्र विस्फोटक से विस्फोट हुआ। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने बताया कि यह हादसा है या किसी की शरारत या फिर साजिश, इसकी जांच कराई जा रही है। पुलिस के साथ-साथ बम निरोधक दस्ता, इंटेलीजेंस, एनआइए व एटीएस जांच में जुट गई है। घटनास्थल के आसपास की दुकानों में बड़ी संख्या में पटाखे मिले हैं।

साजिश की आशंका गहराई

घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त हुईं स्कूटी में एक भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र रस्तोगी की है। यह हमराज कांप्लेक्स अग्निकांड के बाद 31 मार्च 2023 को चोरी हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में अंतिम रिपोर्ट लगा दी थी। इससे साजिश की आशंका गहरा गई है। स्कूटी वहां कौन लाया, इसकी जांच के लिए कैमरे खंगाले जा रहे हैं। बाजार में पटाखों की फुटकर दुकानें हैं, जिनमें बड़े पटाखे भी बेचने की जानकारी पर देर रात पुलिस ने छापेमारी कर पांच कारोबारियों को हिरासत में लिया है।

शाम 7:20 की घटना

मिश्री बाजार मोड़ से गली में घुसते ही अब्दुल की प्लास्टिक के सामान की दुकान है। शाम करीब 7:20 बजे वहां सामने खड़ी गाड़ियों के पास जबरदस्त विस्फोट के बाद पूरा इलाका दहल उठा। पांच मिनट बाद ही मूलगंज की पुलिस पहुंच गई।

ये लोग हुए घायल

घटना में बेकनगंज निवासी 16 वर्षीय सुहाना, 36 वर्षीय रईसुद्दीन, मेस्टन रोड के 24 वर्षीय अब्दुल और लाल बंगला निवासी 58 वर्षीय होजरी कारोबारी अश्वनी कुमार 50 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हैं। इन्हें लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) रेफर किया गया है। मखनिया बाजार के 29 वर्षीय मो. मुरसलीन, मीरपुर निवासी बेल्ट की दुकान में काम करने वाला जुबिन और भरत भाटिया को भी चोटें आई हैं। दो लोग मामूली घायल थे, उन्हें इलाज के बाद घर भेज दिया गया। घटनास्थल पर चार और लोग मिले, जिन्हें बहुत हल्की चोटें आई हैं। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल घटनास्थल पहुंचे और जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में घायलों व उनके परिवार के लोगों से बात की।

योगी आदित्यनाथ ने मांगी घटना की रिपोर्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की रिपोर्ट मांगी है और कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वह गुरुवार को झांसी जाते समय चकेरी एयरपोर्ट पर अधिकारियों से इस पर बात करेंगे। माना जा रहा है कि अवैध पटाखों को लेकर पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

यह भी पढ़ें:

मिश्री बाजार में रात में चला सर्च आपरेशन

पुलिस टीम ने देर रात सर्च आपरेशन चलाया तो कई दुकानों से अवैध पटाखों का भंडारण निकला। पुलिस ने पटाखों को बरामद कर पांच दुकानदारों को हिरासत में लिया। मूलगंज के मिश्री बाजार में विस्फोट की तीव्रता और लोगों के गंभीर रूप से झुलसने के बाद पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार, एडीसीपी डा. अर्चना सिंह, एडीसपी एलआइयू महेश कुमार समेत अधिकारी पहुंचे।

मिश्री बाजार की दुकानों को खुलवाकर तलाशी ली

जांच पड़ताल के दौरान पटाखों का विस्फोट होने की जानकारी मिली, पर कोई भी दुकानदार इस बात को बताने को तैयार नहीं हुआ। लोगों की भीड़ व कुछ लोगों की नाराजगी के चलते उस समय अधिकारी शांत रहे, लेकिन जब लोगों की भीड़ हटी तो देर रात अधिकारियों ने सर्च आपरेशन चलवाया। मिश्री बाजार की दुकानों को खुलवाकर तलाशी ली गई तो पुलिस हैरान रह गई। कई दुकानों में पटाखों का अवैध भंडारण मिला। इसके बाद पुलिस ने देर रात तक यासिर समेत पांच लोगों को हिरासत में अपने साथ थाने ले गई। वहीं, सर्च आपरेशन देर रात तक जारी रहा।

सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02

Exit mobile version