गुजरात में वडोदरा और आणंद को जोड़ने वाला गंभीरा पुल बुधवार सुबह करीब आठ बजे नदी में ढह गया। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। आठ लोगों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। कई लोग घायल हो गए। हादसे के समय ब्रिज से गाड़ियां गुजर रही थीं। पुल टूटने पर दो ट्रक, दो कार और एक रिक्शा कुल पांच गाड़ियां नदी में गिर गईं। एक टैंकर टूटे सिरे पर फंस गया। पुल टूटने से वडोदरा और आणंद के बीच यातायात बाधित हो गया है।
गुजरात के वडोदरा में महिसागर नदी पर बना ब्रिज बुधवार सुबह टूट गया। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 को स्थानीय लोगों ने बचाया। दो लोग लापता हैं। फायर ब्रिगेड की तीन टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं। 45 साल पुराना यह ब्रिज दक्षिण गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ता है। पुल टूट जाने से भरूच, सूरत, नवसारी, तापी और वलसाड जैसे दक्षिण गुजरात के शहरों से सौराष्ट्र पहुंचने में ज्यादा समय लगेगा। अब इसके लिए अहमदाबाद होते हुए लंबा रास्ता लेना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने की मुआवजे की घोषणा
गुजरात में पुल गिरने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि वडोदरा में पुल गिरने से कई जानें चली गईं। इस घटना से बेहद दुखी हूं। मृतकों के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वास्थ्य होने की उम्मीद करता हूं। इसी के साथ पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
वडोदरा के डीएम बोले- अब तक 9 शव बरामद
वडोदरा के कलेक्टर अनिल धमेलिया ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन आज सुबह ही शुरू हो गया था। स्थानीय तैराकों के साथ नगरपालिका की टीम फौरन मौके पर पहुंची। अभी तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। इस हादसे में 5 लोग घायल थे और कुछ देर पहले एक और घायल शख्स मिला है, जिसे इलाज के लिए भेज दिया गया है।
लोगों ने कहा, हादसे के लिए प्रशासन जिम्मेदार

हादसे के बाद तुरंत ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और लोगों को रेस्क्यू किया। एक स्थानीय युवक ने बताया कि हम सुबह से ही बचाव अभियान चला रहे हैं। अब तक 13 शव बरामद हुए हैं, जिनमें से एक बच्चा है और एक बच्चा लापता है। इस दौरान हमें प्रशासन और अधिकारियों से कोई मदद नहीं मिली है। इनका कहना है कि 45 साल पुराने इस पुल की मरम्मत के लिए प्रशासन को कई बार सूचित किया जा चुका है। प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई न किए जाने के कारण आज यह हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस हादसे के लिए पूरी तरह से प्रशासन ही जिम्मेदार है।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों की जुबान से
बाइक समेत मैं और मेरा दोस्त नदी में गिरे
हादसे में घायल राजूभाई अठिया ने बताया कि मैं और मेरा दोस्त द्वारका से अंकलेश्वर जा रहे थे। हम पुल पर थे तभी वह अचानक ढह गया और हम बाइक समेत नदी में गिर गए। मैं पानी से बाहर निकला और एक गाड़ी के ऊपर चढ़कर बैठ गया। मेरा दोस्त लापता है। थोड़ी देर बाद लोग नाव लेकर मदद के लिए आए।
बाइक के पंक्चर होने से बच गई जान
ब्रिज से गुजर रहे महेशभाई परमार (23) भी इस घटना में बाल-बाल बच गए। महेश ने बताया कि हम दो दोस्त काम पर जा रहे थे। पुल के पास ही बाइक पंक्चर हो गई। पंक्चर ठीक करवाने के बाद हम ब्रिज पर जैसे ही पहुंचे, तभी अचानक पुल टूट गया। हम तीन-चार गाड़ियों के पीछे थे। देखा तो एक इको कार, एक पिकअप और एक ट्रक पुल से नीचे गिर गए थे। नीचे चीख-पुकार मची थी।
गाड़ियां गिरते ही मैंने ब्रेक लगाया
हादसे के चश्मदीद 25 साल के संजयभाई सोमाभाई चावड़ा ने बताया कि हम तीन दोस्त बाइक से काम पर जा रहे थे। तभी अचानक मुझे ब्रेक लगाना पड़ा, क्योंकि पुल बीच में से टूट गया था। ब्रेक नहीं लगाते तो हम भी हादसे का शिकार हो गए थे।
हादसे पर जिला पंचायत सदस्य का खुलासा
जिला पंचायत सदस्य हर्षद सिंह परमार ने 2022 में पुल की जर्जर हालत के बारे में सरकार को चेतावनी दी थी। उनका आरोप है कि सरकार की लापरवाही से यह हादसा हुआ। हर्षद सिंह ने कहा कि जहां यह पुल टूटा है वह मेरा गांव है। मेरा घर इस पुल से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है। मैं यहां जिला पंचायत का सदस्य हूं। अगस्त 2022 में हमने इस पुल की जर्जरता के संबंध में सरकार को ज्ञापन दिया था। हमने कहा था कि इस पुल का घनत्व और कंपन बहुत अधिक है। इसलिए ये पुल बंद कर दिया जाए और नया पुल बनाया जाए।
विभाग ने माना कंपन सामान्य से थोड़ा ज्यादा
जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि हमारे आवेदन के बाद, गांधीनगर से आरएंडबी विभाग के अधिकारी यहां आए। उन्होंने यहां निरीक्षण किया और बताया कि कंपन सामान्य से थोड़ा ज़्यादा है। इस दौरान हमने कहा कि पुल की मरम्मत कराओ या जनहित में परीक्षण रिपोर्ट प्रकाशित करो। अगर ऐसी ही कोई खराबी है, तो पुल का संचालन कैसे कर सकते हो? लेकिन ये लोग नहीं रुके और पुल को चालू रखा।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पार खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02