लखनऊ समेत मध्य उत्तर प्रदेश में मानसून अभी भी कमजोर है लेकिन बलरामपुर और बहराइच जैसे पश्चिमी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना है। निचले इलाकों में जलभराव और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
पिछले चार-पांच दिनों से लखनऊ समेत आसपास के जिलों में मानसून कमजोर हुआ है। मध्य यूपी में अच्छी बारिश के लिए अभी भी दो-तीन दिन इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी के साथ ही पश्चिमी जिलों में गुरुवार को अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, गुरुवार और शुक्रवार को बादलों की गरज-चमक के साथ कई जिलों में मूसलधार वर्षा की संभावना है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और इनके आसपास के जिलों में बादल जमकर बरसेंगे।

तेज हवा के साथ वज्रपात का अलर्ट
भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और वज्रपात की घटनाओं से जान-माल का नुकसान हो सकता है। इसके अलावा करीब 40 जिलों में बादलों की आवाजाही और तेज हवा के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में अनावश्यक घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। लखनऊ में बुधवार को बादल छाया रहा और 30-40 किलोमीटर हवा चलने की वजह से गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। दिन का तापमान लगभग तीन डिग्री गिरावट के साथ 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मंगलवार को हुई तेज धूप का असर रात में दिखा। न्यूनतम तापमान दो डिग्री वृद्धि के साथ 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
बारिश से हाहाकार, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर 15 किमी लंबा जाम
गुरुग्राम में बुधवार रात तेज बारिश के कारण दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस वे पर नरसिंहपुर से रजोकरी बॉर्डर तक 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हाईवे जलमग्न होने से वाहनों की गति धीमी हो गई। राजीव चौक, हीरो होंडा चौक और सुभाष चौक जैसे मुख्य जंक्शनों पर पानी भर गया। सुभाष चौक पर तो लगभग ढाई फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद गुरुग्राम की सड़कों पर पानी भर गया और जगह-जगह जाम लग गया।
14 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वी यूपी तक आज यानी 9 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बिजली कड़कने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। आईएमडी ने 14 जुलाई तक दोनों संभागों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे प्रदेशवासियों को तपती गर्मी से राहत मिलेगी।
इन जिलों में होगी बारिश की आशंका
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर देहात, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, कानपुर नगर, सहारनपुर, इटावा, झांसी, ललितपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, संभल, जालौन, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हमीरपुर और महोबा जैसे जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पार खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02