

पर्यटकों ने शिमला, मनाली, कसौली, धर्मशाला, मैक्लोडगंज और चैल जैसे प्रसिद्ध स्थलों पर नए साल का स्वागत किया। जिले के कुफरी, नारकंडा, नालदेहरा और मशोबरा में सभी होटल फुल रहे। धर्मशाला, चंबा और खजियार जैसे अन्य क्षेत्रों में भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के कारण शिमला में विंटर कार्निवल स्थगित कर दिया गया और रिज पर कोई कार्यक्रम नहीं हुआ। हालांकि, पर्यटक पूरी रात नए साल का जश्न मनाते रहे।
नए साल के मौके पर माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटरा पहुंचे हैं और चारों तरफ 'जय माता दी' के जयकारे गूंज रहे हैं। दर्शन ड्योढ़ी पर भक्तों की कतार एक किलोमीटर लंबी है तो मंदिर भवन पर डेढ़ किलोमीटर तक लाइन लगी रहती है. मंगलवार रात 10 बजे तक 41,445 श्रद्धालु वैष्णो देवी मंदिर के लिए रवाना हो चुके थे।
साल के आखिरी दिन अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए और वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. साल के पहले दिन भी भारी भीड़ उमड़ने की आशंका को देखते हुए दोनों जगहों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं. राम जन्मभूमि पथ पर न केवल अतिरिक्त लेन जोड़ी गई हैं, बल्कि श्रद्धालु अब मंदिर के सिंह द्वार से आगे दो लाइनों में आगे बढ़ेंगे। वहीं, मंगलवार को बांके बिहारी मंदिर के बाहर एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई.










