उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक दुखद घटना घटी। सरसावा थाना क्षेत्र में हाईवे स्थित टोल पर एक कार चालक ने टोल कर्मी को टक्कर मार दी। घटना देर रात तीन बजे की बतायी जा रही है। पुलिस ने कार चालक सौरभ जैन को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में घायल टोल कर्मी की हालत गंभीर होने के कारण उसे स्थानीय अस्पताल से चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
कार चालक सौरभ जैन सरसावा का रहने वाला है। वह अपने दोस्त दीपक के साथ स्कॉर्पियो कार में सवार होकर यमुनानगर की ओर जा रहा था। आरोप है कि वह नशे में था। तभी रात तीन बजे वह नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा के पास पहुंचा। यहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टोल के पास खड़े एक कर्मचारी को टक्कर मार दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी कारोबारी कार से उतरकर भागने लगा तो मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की।
कार चालक गिरफ्तार
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल कर्मचारी का नाम राजकुमार बताया जा रहा है, उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। घटना का वीडियो टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। जिसमें दर्दनाक हादसा साफ नजर आ रहा है।
ye bhi padhiye











