
Pankaj Dheer Died: महाभारत सीरियल में कर्ण का किरदार निभाने वाले धीर-गंभीर अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की जानकारी उनके दोस्त फिरोज खान ने दी।
Pankaj Dheer Died: बी आर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। इस खबर की पुष्टि ‘महाभारत’ में ही अर्जुन का किरदार निभाने वाले अभिनेता फिरोज खान ने की। पंकज का निधन बुधवार (15 अक्तूबर) सुबह 11:30 बजे हुआ। उनका अंतिम संस्कार शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा।

दोस्त ने दी जानकारी
इस खबर के सामने आने के बाद इंडस्ट्री के दोस्त और फैंस गहरे सदमे में है। महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले और पंकज के सह अभिनेता रहे फिरोज खान ने कहा, ‘हां, यह सच है कि वे अब इस दुनिया में नहीं रहे। व्यक्तिगत रूप से, मैंने एक बहुत ही अच्छे दोस्त को खो दिया है। वह बेहद अच्छे इंसान थे। मैं अभी भी सदमे में हूँ और मुझे नहीं पता क्या कहना चाहिए। वह वाकई में एक अद्भुत व्यक्ति थे।
किस्मत ने बना दिया महाभारत का ‘कर्ण’
एक इंटरव्यू में पंकज धीर ने उस दिलचस्प किस्से को याद किया था जब उन्हें अर्जुन के किरदार के लिए सिलेक्ट किया गया था। उस समय लेखकों और पैनल के सदस्यों में राही मासूम रजा, भृंग तुपकरी और पंडित नरेंद्र शर्मा ने एकमत से कहा था कि वह अर्जुन के किरदार के लिए बिल्कुल फिट हैं। उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट पर साइन भी कर दिया था। लेकिन तभी चोपड़ा साहब ने कहा कि अर्जुन के रूप में उन्हें बृहन्नला (अर्जुन का नपुंसक अवतार) की भूमिका भी निभानी होगी, जिसके लिए मूंछें हटानी जरूरी हैं।
मूंछों के लिए छोड़ दिया था अर्जुन का चरित्र
पंकज धीर ने साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका चेहरा मूंछों के साथ ही संतुलित दिखता है, और बिना मूंछ के उनका लुक बदल जाएगा। बी.आर. चोपड़ा ने नाराज होकर उनसे कहा, ‘क्या आप वाकई एक्टर हैं? इतनी बड़ी भूमिका सिर्फ मूंछ के कारण छोड़ रहे हैं?’ और इसी के साथ उन्होंने पंकज को अपने ऑफिस से बाहर जाने के लिए कह दिया।

फिल्मों में भी आ चुके थे नजर
उन्होंने कई फिल्मों में अभिनय किया है, जिनमें ‘सनम बेवफा’, ‘बादशाह’ जैसी फिल्में और ‘चंद्रकांता’, ‘ससुराल सिमर का’ जैसे टीवी शो शामिल हैं। धीर ने एक निर्देशक के रूप में भी काम किया और ‘माय फादर गॉडफादर’ नाम की फिल्म का निर्देशन किया। उन्होंने ‘अभिनय एक्टिंग एकेडमी’ की स्थापना भी की।
कर्ण के किरदार से नेम और फेम मिली
‘महाभारत’ में उन्हें कर्ण के किरदार ने नेम और फेम मिली थी। वहीं ‘चंद्रकांता’ में उन्हें शिवदत्त के रोल में भी दर्शकों ने खूब पसंद किया गया था। वह ‘बढ़ो बहू’, ‘युग’, ‘द ग्रेट मराठा’ और ‘अजूनी’ जैसे टीवी शोज में भी नजर आ चुके हैं। इसके अलावा वह ‘सोल्जर’, ‘तुमको ना भूल पाएंगे’, ‘रिश्ते’, ‘अंदाज’, ‘सड़क’ और ‘बादशाह’ जैसी फिल्मों में दिखे थे।
यह भी पढ़ें:
- सोनम वांगचुक की हिरासत पर सुप्रीमकोर्ट की सुनवाई स्थगित, आज फिर होगी बहस
- पाकिस्तान-अफगानिस्तान में फिर झड़प; पाक ने बरसाए बम तो तालिबान ने दिया करारा जवाब
- आसानी से नहीं मिलेगा ब्रिटेन का वीजा, नए नियमों से भारतीय छात्रों-कामगारों पर कैसा होगा असर?
पंकज ने बतौर निर्देशक भी किया काम
पंकज धीर एक्टर ही नहीं, बल्कि निर्देशक भी रहे हैं। उनके पिता सीएल धीर भी मशहूर डायरेक्टर थे। उन्होंने ‘परवाना’ और ‘माई फादर गॉडफादर’ जैसी फिल्में निर्देशित की थी। निजी जिंदगी की बात करें, तो पंकज ने अनीता धीर से शादी की थी। उनकी पत्नी अनीता कॉस्ट्यूम डिजाइनर का काम करती हैं। उन्होंने ‘विक्टोरिया नंबर 203’, ‘डायमंड्स आर फॉरेवर’, ‘इक्के पे इक्का’ और ‘बॉक्सर’ जैसी फिल्मों में कॉस्ट्यूम डिजाइन भी किए हैं। वहीं उनके बेटे निकितन धीर हैं। वह भी एक एक्टर हैं।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02











