
Pakistan-Afghanistan clashes: पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच फिर से गोलीबारी की खबर सामने आई है। तालिबान ने कहा है कि पाकिस्तानी सेना ने हमले की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। तालिबान के हमले में सात पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की सूचना है।
Pakistan-Afghanistan clashes:पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सेनाओं के बीच सीमा पर कई इलाकों में लड़ाई चल रही है। खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले में पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर मंगलवार रात पाक सुरक्षा बलों और अफगान तालिबान के बीच फिर से तीव्र संघर्ष हुआ। पाकिस्तान के अनुसार, अफगान तालिबान और फितना अल-खवारिज ने कुर्रम में बिना उकसावे के फायरिंग की। पाकिस्तानी सेना ने पूरी ताकत के साथ जवाबी कार्रवाई की।

खोस्त के गवर्नर ने झड़प की पुष्टि की
टोलो न्यूज से बात करते हुए खोस्त के गवर्नर के प्रवक्ता मुस्तगफर गुरबाज़ ने बताया कि मंगलवार शाम (14 अक्टूबर) लगभग 7:00 बजे, अफगान सेना ने जाजी मैदान जिले के पालोची इलाके में डूरंड रेखा के पास पाकिस्तानी सैनिकों पर एक बार फिर हमला किया। उनके अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने शुरू में हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन उनके प्रयास विफल रहे और अफगान पक्ष की ओर से उन्हें तुरंत जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने आगे बताया कि झड़पें अभी भी जारी हैं।
23 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश सचिव एंबेसडर अम्ना बलोच ने इस्लामाबाद में मौजूद राजदूतों को पाक-अफगान सीमा पर हालिया घटनाओं के बारे में व्यापक ब्रीफिंग दी। उन्होंने पाकिस्तान की वैध सुरक्षा चिंताओं और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के प्रति अडिग संकल्प को रेखांकित किया। पिछले सप्ताहांत अफगान तालिबान बलों ने पाक सीमा पोस्टों पर अचानक हमला किया था, जिसमें 23 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। पाकिस्तानी जवाबी कार्रवाई में 200 से अधिक तालिबान और संबंधित आतंकवादी मारे गए।

पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा दूसरे दिन भी बंद
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच पिछले सप्ताह हुईं घातक झड़पों के बाद द्विपक्षीय व्यापार के लिए सोमवार को दूसरे दिन भी सीमाएं बंद रहीं और सैकड़ों लोग फंसे रहे। सरकारी अधिकारी इम्तियाज अली ने बताया कि हालांकि दक्षिण-पश्चिमी चमन सीमा क्रॉसिंग व्यापार के लिए बंद है, फिर भी अधिकारियों ने रविवार से वहां फंसे लगभग 1,500 अफगान नागरिकों को पैदल लौटने की अनुमति दे दी। पाकिस्तान के तोरखम में एक प्रमुख उत्तर-पश्चिमी क्रॉसिंग सोमवार को सभी प्रकार की यात्रा और व्यापार के लिए बंद रही।
इस्लामाबाद ने पिछले सप्ताह अफगान क्षेत्र में हवाई हमले किए
काबुल ने इस हमले को प्रतिशोधी बताया और आरोप लगाया कि इस्लामाबाद ने पिछले सप्ताह अफगान क्षेत्र में हवाई हमले किए। पाकिस्तान ने हवाई हमलों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन बार-बार काबुल से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान को अपने क्षेत्र में आश्रय देने से रोकने की अपील की है। अफगान सरकार इन आरोपों का खंडन करती रही है और जोर देती है कि अफगान धरती का किसी भी पड़ोसी देश के खिलाफ इस्तेमाल नहीं किया जा रहा।
यह भी पढ़ें:
- आसानी से नहीं मिलेगा ब्रिटेन का वीजा, नए नियमों से भारतीय छात्रों-कामगारों पर कैसा होगा असर?
- यूपी के संभल के मीट कारोबारी के घर व फैक्टरी में दो दिन से चल रही आईटी की रेड
- राजस्थान में पटाखे ले जा रही बस में शार्ट सर्किट से लगी आग, 20 लोगों की मौत, 19 की हालत गंभीर
दुनिया भर के देशों ने की शांति की अपील
पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सेनाओं के बीच हिंसक झड़प होने पर अमेरिका के पूर्व राजनयिक जालमे खालिजाद ने चिंता जाहिर की और इलाके में बड़ा संघर्ष छिड़ने की आशंका जाहिर की। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने भी दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सऊदी अरब ने दोनों देशों से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की। सऊदी अरब ने दोनों देशों में शांति और क्षेत्रीय स्थिरता को बनाए रखने के लिए मदद देने की भी पेशकश की।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02











