राजस्थान में पटाखे ले जा रही बस में शार्ट सर्किट से लगी आग, 20 लोगों की मौत, 19 की हालत गंभीर

Jaisalmer Road Accident: राजस्थान के जैसलमेर में चलती एसी बस में शार्ट सर्किट से लगी आग में 20 यात्रियों की मौत हो गई। वहीं 19 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। बस में कुल 57 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि निजी बस से अवैध रूप से पटाखों का परिवहन किया जा रहा था।

राजस्थान के जैसलमेर में बस में लगी भीषण आग में 20 लोगों की जलकर मौत। सोशल मीडिया

Jaisalmer Road Accident: राजस्थान के जैसलमेर में चलती एसी बस में शार्ट सर्किट से लगी आग में 20 यात्रियों की मौत हो गई। वहीं 19 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। बस में कुल 57 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि निजी बस से अवैध रूप से पटाखों का परिवहन किया जा रहा था।

Jaisalmer Road Accident: जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 3:30 बजे जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर थईयात गांव के पास हुई। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। बस रोजाना की तरह दोपहर 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब 20 किलोमीटर चलने के बाद अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि चालक या यात्री कुछ समझ पाते, आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, ग्रामीणों ने की मदद

आग लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई। यात्री जान बचाने के लिए खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदने लगे। कई यात्रियों के कपड़े और सामान जल गए। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। दमकल की गाड़ियां कुछ ही देर में मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बस के इंजन या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो सकती है।

आग लगने की वजह आई सामने

जानकारी के मुताबिक, निजी बस में पटाखों का परिवहन किए जाने से बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। उसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे लगभग 10-12 यात्री काल का ग्रास बन गए। वहीं, नगर परिषद के असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्णपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही वे टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रथम दृष्टया करीब 10 से 12 लोगों के जिंदा जल जाने की आशंका है।

ट्रॉमा सेंटर खाली, डॉक्टरों की इमरजेंसी ड्यूटी लगी

एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि हमें हादसे की सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर खाली करवा दिया गया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया है। ‎महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भी पूरी तैयारी की गई है। जोधपुर प्रशासन की देखरेख में घायलों की चिकित्सा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। 16 घायलों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में रेफर किया गया है। घायलों को जोधपुर लाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है।

हादसे में झुलसे 16 यात्रियों की हालत गंभीर

  • ओमाराम पुत्र गुना रन (22) निवासी लाठी,
  • उबेदुल्ला पुत्र सुमार खान (50) निवासी गोमट,
  • लक्ष्मण पुत्र गंगाराम (50) निवासी सेतरावा,
  • महिपाल सिंह पुत्र नाग सिंह (50) निवासी एका रामदेवरा,
  • यूनूस पुत्र पीर मोहम्मद (8) निवासी बंबरो की ढाणी,
  • आशीष पुत्र अभय कुमार (45) निवासी जोधपुर,
  • फिरोज पुत्र इदुखान (40) निवासी गंगाना जोधपुर,
  • विशाखा पत्नी आशीष (47) निवासी जोधपुर,
  • मनोज भाटिया पुत्र राजेश्वर भाटिया (35) निवासी जेएनवी कॉलोनी,
  • जीरराज पुत्र अजमल (15) निवासी भवानीपुरा,
  • इमामत पत्नी पीर मोहम्मद (60) निवासी बंबरो की ढाणी,
  • इकबाल पुत्र अली खान (52) निवासी गंगाना जोधपुर,
  • भागा बाई पुत्री हाजी खान (59) निवासी बंबरो की ढाणी,
  • हुसैन पुत्र इब्राहिम (79) निवासी जावंध,
  • रफीक पुत्र समरू खान (21) निवासी गोमट
  • पीर मोहम्मद पुत्र सोराब खान

35 तक पहुंच सकता है मौतों का आंकड़ा

सीएमओ ने बताया कि जोधपुर लाए गए ज्यादातर 70 प्रतिशत से अधिक बर्न के मामले हैं। इनमें से अधिकांश की स्थिति अतिगंभीर थी। सीएमओ की तरफ गैर आधिकारिक रूप से यहां भी कई मौतों की बात कही गई है। ऐसे में यात्रियों की मौत का आंकड़ा 35 तक पहुंच सकता है। घटना में एक सेना के जवान महेंद्र, उनकी पत्नी और दो बच्चियों के भी बस में होने की सूचना आई है। महेंद्र जैसलमेर में गोला बारूद डिपो में पोस्टेड थे। सेना अब उनकी जानकारी जुटा रही है।

पीएम मोदी ने किया मुआवजे का एलान

बस हादसे को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जैसलमेर में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से व्यथित हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जताया दुख

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि लोगों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जैसलमेर से जोधपुर जा रही बस में भीषण आग लगने से कई लोगों के हताहत होने का चिंताजनक समाचार मिला है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस हादसे में कम से कम जनहानि हो एवं झुलसे हुए लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।

यह भी पढ़ें:

जिला प्रशासन ने जारी किए नंबर

जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। घायलों का श्री जवाहिर चिकित्सालय में चिकित्सकों द्वारा तत्परता से उपचार किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए जिला प्रशासन ने नंबर जारी किए हैं जो नीचे लिखे हैं। 9414801400, 8003101400, 02992-252201, 02992-255055

कलेक्टर बोले- मृतकों की पहचान सुनिश्चित करें

जैसलमेर कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। दुर्घटना में घायल 16 यात्रियों को जैसलमेर जिलाअस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के लिए रेफर किया गया। जिला प्रशासन की दिवंगत यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना है, हम इस दुखद घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मृतक यात्रियों के परिजनों से अपील करता हूं कि वे अपने परिवार के सदस्य या परिचित की पहचान सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन की हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02