अहमदाबाद प्लेन हादसा: अब तक 86 शवों की शिनाख्त, 33 सौंपे गए, विजय रूपाणी के शव का राजकोट में अंतिम संस्कार आज

अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में से 86 के शवों की शनाख्त हो चुकी है। 33 के शव उनके स्वजन को सौंप दिए गए हैं। वहीं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के शव की भी पहचान हो गई है। रविवार को उनका डीएनए मैच हो गया। परिवार के मुताबिक, राजकोट में सोमवार दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में से 86 के शवों की शनाख्त हो चुकी है। 33 के शव उनके स्वजन को सौंप दिए गए हैं। वहीं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के शव की भी पहचान हो गई है। रविवार को उनका डीएनए मैच हो गया। परिवार के मुताबिक, राजकोट में सोमवार दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मरने वालों का आंकड़ा 275 पहुंचा

12 जून को हुए प्लेन क्रैश में मरने वालों का आंकड़ा 275 पहुंच गया है। अहमदाबाद सिविल अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि 230 परिवारों से अबतक संपर्क किया जा चुका है। रविवार सुबह तक 248 शवों के डीएनए सैंपल लिए गए। इनमें से 86 की शिनाख्त हो गई है, 33 शव परिजन को सौंपे गए हैं। उनके डेथ सर्टिफिकेट भी उपलब्ध कराए गए।

शवों को पहुंचाने के लिए 230 टीमें बनाईं

एम्बुलेंस के जरिए सिक्योरिटी के साथ शवों को उनके गृहनगर पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए 230 टीमें बनाई गई हैं, जो मृतकों के परिजनों के सीधे संपर्क में हैं। 192 एम्बुलेंस और वाहन स्टैंडबाय पर हैं। हादसे में जान गंवाने वाले विदेशी नागरिकों में से 11 के परिजन आज अहमदाबाद पहुंच सकते हैं। शवों को रखने के लिए 170 ताबूत बनाने का ऑर्डर दिया गया है। इनमें से करीब 100 ताबूत वडोदरा से अहमदाबाद लाए गए हैं। बाकी के ताबूत बनाने का काम जारी है।

बीमा कंपनियों के लिए हेल्प डेस्क तैयार

अहमदाबाद जिला प्रशासन के सहयोग से सिविल अस्पताल में न्यू इंडिया एश्योरेंस, एचडीएफसी, लाइफ इंश्योरेंस और एलआईसी के हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इनमें दुर्घटना में मरने वाले यात्रियों और अन्य प्रभावित लोगों के बीमा क्लेम को आसान करने की व्यवस्था की गई है।

अहमदाबाद से लंदन सीधी उड़ान अस्थायी तौर पर स्थगित

अहमदाबाद प्लेन क्रैश की घटना के बाद एअर इंडिया और एआई एक्सप्रेस ने फ्लाइट नंबर ‘171’ का इस्तेमाल बंद करने का फैसला किया है। अहमदाबाद-लंदन की यह फ्लाइट सप्ताह में 5 दिन संचालित होती थी। हालांकि, विमान दुर्घटना के बाद शनिवार को संचालित होने वाली लंदन फ्लाइट को सिस्टम से हटा दिया गया है। जब तक इस रूट पर कोई दूसरा विमान नहीं लगाया जाता, तब तक यह फ्लाइट संचालित नहीं होगी। अगले कुछ दिनों तक यात्रियों को अहमदाबाद से लंदन के लिए सीधी सेवा नहीं मिल पाएगी। उन्हें मुंबई या दिल्ली के रास्ते कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी होगी। अभी यह तय नहीं है कि एअर इंडिया इस रूट पर कब से फ्लाइट संचालित करेगी।

विजय रूपाणी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार (16 जून) को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

पीड़ित परिवारों को केयर टेकर देख रहे

अहमदाबाद प्लेन हादसे के मृतकों और घायलों के परिवारों को एअर इंडिया ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। कंपनी ने दुर्घटना पर दुख जताया है। एक्स पोस्ट में कहा- हम दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के साथ हैं। हमने सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के परिजनों/रिश्तेदारों से संपर्क किया है। पोस्ट में कहा गया कि 400 से अधिक परिवार के सदस्य अहमदाबाद पहुंचे हैं। ग्राउंड पर उनकी मदद के लिए हमारी टीमें तैनात हैं। अहमदाबाद में प्रत्येक प्रभावित परिवार को एअर इंडिया ने कम से कम एक केयर टेकर सौंपा है। एअर इंडिया अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।