Kanpur News:जेल में बंद अधिवक्ता अखिलेश दुबे और उसके करीबी लवी मिश्रा की मुश्किलें बढ़ रही हैं। किदवई नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में अखिलेश पर होटल व्यवसायी को झूठे मामले में फंसाकर 2.5 करोड़ रुपये वसूलने का आरोप है। पुलिस अब अखिलेश को न्यायिक रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
Kanpur News: झूठे मुकदमों में फंसाकर बड़े कारोबारियों से वसूली के आरोपों में घिरे अखिलेश दुबे और उसके सहयोगी लवी मिश्रा के कई गुनाह हैं। बीते चार दिन में किदवईनगर, कल्याणपुर और कोतवाली थानाक्षेत्र में उनके खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज किए गए। इन्हीं में से किदवई नगर थाने में दर्ज झूठे मुकदमे में फंसाकर 2.5 करोड़ रुपये वसूलने के मामले में पुलिस ने अखिलेश और उसके सहयोगी लवी को न्यायिक रिमांड पर लेने की तैयारी की है।

होटल कारोबारी ने दर्ज कराया रंगदारी का मुकदमा
स्वरूपनगर के होटल कारोबारी ने दोनों पर वसूली का आरोप लगाकर किदवईनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस न्यायिक रिमांड लेने के लिए सोमवार को कोर्ट में अर्जी देगी। डी ब्लाक स्वरूप नगर में रहने वाले होटल कारोबारी की शिकायत पर गुरुवार को किदवई नगर पुलिस ने अधिवक्ता अखिलेश दुबे और उसके सहयोगी लवी मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
वर्ष 2021 का मामला, कार्यालय में बुलाकर देते थे धमकी
कारोबारी के मुताबिक वर्ष 2021 में आरोपित अखिलेश वाट्सएप काल करके साकेत नगर स्थित कार्यालय बुलाते थे और वसूली के लिए धमकाते। पहले थोड़ी-थोड़ी रकम लेते रहे और फिर उनकी मांग बढ़ती गई। देने से इन्कार पर धमकाया कि अगर उनकी बात नहीं मानी तो झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवा देंगे।
वर्ष 2022 में दर्ज कराया था दुष्कर्म का झूठा मुकदमा
उनके असमर्थता जताने पर अखिलेश ने अपने गैंग के जरिए किदवईनगर के वाई ब्लाक में रहने वाली एक महिला से 26 मई 2022 को उनके खिलाफ नौबस्ता थाने में झूठा सामूहिक दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज करवा दिया था, जिसके एक महीने बाद आरोपित अखिलेश ने उन्हें फिर वाट्सएप काल करके मामला सुलटाने के लिए कहा। वह मिलने गए तो उनसे पांच करोड़ की रकम मांगी।
मांगे थे पांच करोड़, 2.5 करोड़ पर सौदा तय
उनके असमर्थता जताने पर पूरा मामला निपटाने के लिए 2.5 करोड़ पर सौदा तय हुआ। इसके बाद धीरे धीरे करके उन्होंने रकम अदा की, जिसके बाद उनका मुकदमा खत्म हुआ। इस बीच रकम देने में देरी होने पर अखिलेश और उसका सहयोगी लवी मिश्रा उनके साथ मारपीट भी करते थे।
रिमांड में लेने के लिए कोर्ट में अर्जी आज
आरोपित अखिलेश दुबे के खिलाफ एसआइटी गठित होने की जानकारी पर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि कारोबारी से ढाई करोड़ रुपये वसूली के मुकदमे में न्यायिक रिमांड लेने के लिए सोमवार को कोर्ट में अर्जी देंगे। न्यायिक रिमांड मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जेल में उसके बयान भी दर्ज कराए जाएंगे। डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि रिमांड की अर्जी डाली जाएंगी।
यह भी पढ़ें: ग्रीनपार्क के सामने 150 करोड़ कीमत की जमीन हथियाने में फंसा कानपुर अधिवक्ता, भाई के नाम कराया फर्जी पट्टा
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02