खराब मौसम और भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। बारिश के कारण रास्तों में फिसलन बढ़ गई है जिससे दुर्घटना का खतरा है। श्रद्धालुओं को पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों में शरण लेने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए अमरनाथ यात्रा पर विराम लगा दिया गया है। कश्मीर में भारी बारिश के बाद इस साल पहली बार अमरनाथ यात्रा को स्थगित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर वाहनों की गति धीमी है लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।
बारिश के कारण हादसों का बढ़ा खतरा
मंगलवार रात से रूक-रूककर हो रही बारिश आज बुधवार 10.30 बजे के करीब अचानक से तेज हो गई। जिसके बाद रास्ते में फिसलन का खतरा पैदा हो गया। ऐसे में पवित्र गुफा की ओर जा रहे और वापिस पहलगाम व बालटाल आधार शिविर लौट रहे श्रद्धालु घायल न हो इस वजह से यात्रा को बारिश थमने तक रोक दिया गया है।

मौसम पर नजर बनाए हुए हैं अधिकारी
सुरक्षाबलों ने श्रद्धालुओं लंगर स्थल या फिर पहलगाम व बालटाल मार्ग पर बनाए गए शिविरो में शरण लेने की सलाह दी है। कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में बारिश की खबर है, जिससे यात्रा मार्ग पर जलभराव और फिसलन हो गई है। अधिकारी मौसम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। स्थिति में सुधार होते ही यात्रा को फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
हाईवे पर धीमी गति से चल रहे वाहन
इसी बीच जम्मू-श्रीनगर नगर हाईवे पर भी वाहनों का धीमी गति से चलना जारी है। ट्रैफिक विभाग के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। कहीं भी जलभराव या फिर भूस्खलन की आशंका नहीं है। ऐसे में वाहन चालकों को सुचारू रूप से हाईवे पर चलते रहने के लिए कहा गया है। पहाड़ी इलाकों में गाड़ियों को न रोकने की सख्त हिदायत दी गई है। अगर किसी तरह की परेशानी होती है तो सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर ही उसका निवारण करें।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पार खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02