राष्ट्रपति भवन के मुताबिक, कविंदर गुप्ता लद्दाख के नए उपराज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। ऐसे ही प्रोफेसर अशीम कुमार घोष को हरियाणा और पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री पुसापति अशोक गजपति राजू को सोमवार को गोवा का राज्यपाल और जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया। इसके अलावा प्रोफेसर अशीम कुमार घोष हरियाणा के नए राज्यपाल होंगे। नियुक्तियां उनके संबंधित पदों का कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी।
राष्ट्रपति भवन ने जारी की विज्ञप्ति
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल पद से ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा (सेवानिवृत्त) का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसमें आगे कहा गया कि कविंदर गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल, राजू को गोवा का राज्यपाल और प्रोफेसर अशीम घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू को काफी खुशी हो रही है।
पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व चीफ हैं घोष
प्रो. आसिम कुमार घोष हरियाणा के नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। प्रो. घोष हावड़ा पश्चिम बंगाल से हैं। वे पश्चिम बंगाल भाजपा के चीफ रह चुके हैं और भाजपा की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं।
कविंदर गुप्ता का राजनीतिक करियर
कविंदर गुप्ता जम्मू-कश्मीर में भाजपा के बड़े नेताओं में हैं। वह 1993 से 1998 तक भारतीय युवा मोर्चा की जम्मू और कश्मीर इकाई के प्रमुख रहे। गुप्ता 2005 से 2010 तक लगातार तीन बार जम्मू शहर के मेयर चुने गए। 2014 के जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव में वह भाजपा की तरफ से जम्मू के गांधीनगर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए। 19 मार्च 2015 को गुप्ता जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए।
