asia cup final 2025: एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को धूल चटाई और एशिया कप में दबदबा कायम किया। नौवीं बार भारतीय टीम ने एशिया कप अपने नाम किया। कुलदीय यादव की शानदार गेंदबाजी और तिलक वर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया।
asia cup final 2025: भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को एशिया कप 2025 खिताबी मुकाबले में अपने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को रोमांचक मैच में पांच विकेट से हराया। भारत ने नौंवी बार इस खिताब को अपने नाम किया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप 2025 का फाइनल मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। भारतीय क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पाकिस्तान ने 19.1 ओवर में 10 विकेट खोकर 146 रन बनाए
भारत ने एशिया कप में पाकिस्तान को दो बार हराया था। ग्रुप ए मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को सात विकेट से मात दी थी। सुपर-4 मैच में छह विकेट से जीत दर्ज की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 19.1 ओवर में 10 विकेट खोकर 146 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाकर जीत हासिल की।
पाकिस्तान ने दो बार एशिया कप का खिताब जीता
एशिया कप के 41 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब एशिया कप फाइनल मैच में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला खेला गया। आपको बता दें कि भारत अब तक नौंवी बार खिताब जीतकर सबसे सफल टीम है और 2023 में जीते गए अपने वनडे खिताब के साथ डिफेंडिंग चैंपियन है। वहीं, पाकिस्तान ने सिर्फ दो बार एशिया कप का खिताब जीता है।
नौ ओवर तक पाकिस्तान का नहीं गिरा विकेट
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले की अच्छी शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने सधी हुई बल्लेबाजी की और नौ ओवर तक बिना विकेट गंवाएं टीम के लिए महत्वपूर्ण रन जोड़े। साहिबजादा ने 35 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। साहिबजादा और फखर के बीच पहले विकेट के लिए 84 रनों की पार्टनरशिप की।
यह भी पढ़ें:
- तमिलनाडु के करूर में एक्टर विजय की रैली में भगदड़ से 36 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल, पीएम मोदी ने जताया दुख
- बरेली हिंसा पर बरसे सीएम, बोले- हम ऐसा सबक सिखाएंगे कि आने वाली पीढ़ियां भी दंगा करना भूल जाएंगी
- आई लव मोहम्मद के नारों के बीच बरेली में भड़की हिंसा, फायरिंग होने के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज
साहिबजादा ने 38 गेंदों में 57 रन बनाए
शुरुआत में भारतीय टीम को विकेट लेने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन टीम इंडिया को पहली सफलता वरुण चक्रवर्ती ने 10वें ओवर में दिलाई। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट के साथ मैच में अपनी पकड़ मजबूत की। साहिबजादा ने अपनी टीम के लिए शानदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 38 गेंदों में 57 रन बनाए।
वरुण ने फखर को कुलदीप यादव के हाथों कैच कराया
इसके बाद फखर ने सईम अयूब के साथ मोर्चा संभाला। लेकिन 13वें ओवर में कुलदीप यादव ने सईम (14) को अपना शिकार बनाया। वहीं, मोहम्मद हारिस बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। फखर जमान अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। वरुण ने फखर को कुलदीप यादव के हाथों कैच आउट कराया। उन्होंने दो चौके और दो छक्के की मदद से 35 गेंदों में 46 रनों की अहम पारी खेली।
17वें ओवर में पाकिस्तान ने तीन विकेट खोए
फखर के आउट होने के बाद कोई भी खिलाड़ी बड़ा स्कोर नहीं बना सका और पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने एक के एक विकेट खोए। 17वें ओवर में पाकिस्तान ने तीन विकेट खोए। कप्तान सलमान आगा सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। शाहीन अफरीदी और फहीम अशरफ बिना खाता खोले ही आउट हो गए। आखिरी ओवर में जसप्रीत बुमराह ने मोहम्मद नवाज (6) के विकेट के साथ पाकिस्तान की पारी समाप्त की। इसी के साथ पाकिस्तान की टीम 19.1 ओवर में 146 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।
कुलदीप यादव ने चार विकेट झटके
भारत के लिए कुलदीप यादव ने चार विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती ओवरों में दो अहम विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 5 और भारतीय T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
नहीं चले अभिषेक और शुभमन गिल
इसके बाद उपकप्तान शुभमन गिल और तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन चौथे ओवर में ही भारत ने गिल (12) का अहम विकेट खो दिया। इसी के साथ भारत की पारी लड़खड़ा गई। गिल के आउट होने के बाद संजू सैमसन ने तिलक के साथ पारी को आगे बढ़ाया और तेजी से रन बटोरे। इस बीच 13वें ओवर में भारत को चौथा झटका संजू सैमसन के रूप में लगा। सैमसन ने आक्रामक पारी खेलते हुए 24 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का जड़ा।
तिलक ने 41 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ा
वहीं, दूसरी ओर से तिलक ने पारी को संभाले रखा और महत्वपूर्ण पारी खेली। तिलक ने 41 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ा। दूसरी तरफ शिवम दुबे ने तिलक का साथ बखूबी दिया और जीत के लिए अहम रन जुटाए। लेकिन 19वें ओवर में बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में शिवम दुबे आउट हो गए। शिवम ने तूफानी पारी खेलते हुए 21 गेंदों में 33 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 2 चौके और 2 छक्के जड़े।
रिंकू सिंह ने अंत में चौका जड़कर भारत को जिताया
तिलक ने तीन चौके और चार छक्के की मदद से 53 गेंदों में 69* रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, रिंकू सिंह ने अंत में चौका जड़कर भारत को पांच विकेट से जीत दिलाई। इस तरह भारत ने 19.4 ओवर में 150 रन बनाकर यह खिताब अपने नाम किया।
एशिया कप 2025, फाइनल मुकाबले का संक्षिप्त स्कोर
- भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया
- पाकिस्तान: 19.1 ओवर में 146/10 (साहिबजादा फरहान 57, कुलदीप यादव 4/30)
- भारत: 19.4 ओवर में 150/5 (तिलक वर्मा 69*, फहीम अशरफ 3/29)
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02
