
क्या आपको भी लौकी खाना ज्यादा पसंद नहीं? दरअसल कई लोग इसका नाम सुनते ही मुंह बना लेते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह साधारण-सी दिखने वाली सब्जी गुणों का भंडार है? आइए जानते हैं लौकी के कुछ ऐसे ही हेल्थ बेनिफिट्स जो आपकी सेहत को दुरुस्त रख सकते हैं। न्यूट्रिशनिस्ट भारती शर्मा ने गर्मियों में लौकी खाने के कुछ लाजवाब फायदे बताए हैं।
भरपूर मात्रा में होता है फाइबर, पेट को रखे दुरुस्त
लौकी में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद है। यह कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करने में मदद करती है और आपकी गट को हेल्दी रखती है। अगर आपका पेट ठीक रहेगा, तो आप भी हल्का और एनर्जेटिक महसूस करेंगे। लौकी में मौजूद फाइबर और पानी का हाई लेवल आपके पाचन को सुचारू बनाने में मदद करता है। यह भोजन को आसानी से पचाने में मददगार है और पेट से जुड़ी कई समस्याओं जैसे गैस, एसिडिटी और अपच से राहत दिलाता है।
वजन घटाना चाहते हैं तो डायट में करें शामिल
अगर आप वजन कम करने की सोच रहे हैं, तो लौकी को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। इसमें कैलोरी बहुत कम होती है और पानी की मात्रा ज्यादा होती है। इसे खाने से आपका पेट लंबे समय तक भरा रहता है, जिससे आप बेवजह ज्यादा खाने से बचते हैं और आपकी वेट लॉस जर्नी आसान बन सकती है।
शरीर में नहीं होने देती पानी की कमी
गर्मियों के मौसम में शरीर को हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी है। बता दें, लौकी में लगभग 96% पानी होता है। यह आपके शरीर में पानी की कमी को पूरा करने का एक शानदार नेचुरल तरीका है। लौकी का जूस या सब्जी आपको तरोताजा महसूस करा सकती है, खासकर जब गर्मी अपने चरम पर हो।

लौकी में हैं कमाल के विटामिन और मिनरल्स
ज्यादातर लोगों को लगता है कि सिर्फ उन सब्जियों या फलों में विटामिन सी होता है, जो स्वाद में खट्टे होते हैं। जबकि लौकी, मूली और गोभी जैसी कई सब्जियां हैं, जो विटामिन सी से भरपूर होती हैं। लौकी में पोटेशियम और कैल्शियम जैसे महत्वपूर्ण मिनरल्स भी होते हैं।
लौकी में होते हैं कई औषधीय गुण
डॉ. अमृता मिश्रा कहती हैं कि लौकी में कई औषधीय गुण भी होते हैं। इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी और एनाल्जेसिक (दर्दनिवारक) गुण कई बीमारियों से बचाव और उपचार में मदद करते है। लौकी का सबसे महत्वपूर्ण औषधीय गुण ये है कि यह डाइयूरेटिक होती है। इसे खाने से बार-बार पेशाब लगती है। इस दौरान शरीर के सभी टॉक्सिन्स बाहर निकल जाते हैं।
बीपी कंट्रोल में रहता है, त्वचा के लिए लाभकारी
लौकी में मौजूद पोटेशियम और मैग्नीशियम ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद करते हैं। लौकी खाने से सोडियम का प्रभाव कम हो जाता है, जिससे हाई बीपी और हार्ट संबंधी समस्याओं का खतरा कम हो जाता है। गर्मी में ज्यादातर लोगों को स्किन पर रैशेज, पिंपल्स और सनबर्न जैसी दिक्कतें होती हैं। लौकी का हाइड्रेटिंग गुण त्वचा को नम (मॉइश्चराइज्ड) रखता है, जबकि इसमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट चेहरे को साफ और चमकदार बनाते हैं।

सुस्ती दूर होती है
गर्मियों में पसीना ज्यादा आने से अक्सर थकान और सुस्ती महसूस होती है। लौकी में जरूरी विटामिन और मिनरल्स होते हैं, जो शरीर को गर्मियों में भी एनर्जेटिक बनाए रखते हैं। लौकी की तासीर ठंडी होती है। यह प्राकृतिक रूप से बॉडी टेम्प्रेचर नियंत्रित करती है। साथ ही गर्मी से होने वाली घबराहट और बेचैनी भी दूर करती है। लौकी को उबालकर या सब्जी बनाकर खा सकते हैं। इसका जूस निकालकर भी पी सकते हैं।
लौकी से जुड़े कुछ कॉमन सवाल और जवाब
सवाल: क्या डायबिटिक लोग लौकी खा सकते हैं?
जवाब: हां, डायबिटिक लोग लौकी खा सकते हैं। लौकी का ग्लाइसेमिक इंडेक्स सिर्फ 15 है। इसलिए लौकी खाने से ब्लड शुगर लेवल पर बहुत फर्क नहीं पड़ता है। यह डायबिटिक लोगों के लिए फायदेमंद है।
सवाल: क्या वेट लॉस के लिए लौकी की सब्जी खा सकते हैं?
जवाब: हां, बिल्कुल खा सकते हैं। लौकी लो कैलोरी फूड है और इसमें खूब फाइबर भी होता है। अगर सब्जी में बहुत तेल-मसाला न मिलाया जाए तो वेट लॉस में मदद मिल सकती है। ज्यादा फायदे के लिए इसका जूस या सूप बनाकर भी पी सकते हैं।
सवाल: क्या रात के समय लौकी खाना सही है?
जवाब: हां, लौकी आसानी से पचने वाली सब्जी है। इसलिए इसे रात में भी खाया जा सकता है। हालांकि, इसकी तासीर ठंडी होती है। इसलिए रात में इसे बहुत ज्यादा मात्रा में खाने से बचें। जिन लोगों को बहुत जल्दी सर्दी-जुकाम हो जाता है, उन्हें भी रात में लौकी नहीं खानी चाहिए।
सवाल: क्या लौकी का जूस पीने से बालों और स्किन को फायदा होता है?
जवाब: हां, लौकी में एंटीऑक्सिडेंट्स और हाइड्रेटिंग गुण होते हैं, जिससे स्किन ग्लोइंग होती है और बाल भी हेल्दी हो जाते हैं।
सवाल: क्या प्रेग्नेंट महिलाएं लौकी खा सकती हैं?
जवाब: हां, लौकी फाइबर और पोषक तत्वों से भरपूर होती है। यह प्रेग्नेंसी में पाचन दुरुस्त रखती है। हालांकि, इसे खाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर है।
सवाल: किसे लौकी नहीं खानी चाहिए?
जवाब: लौकी सबसे सुरक्षित और सबसे आसानी से पचने वाली सब्जियों में से एक है। इसलिए आमतौर पर कोई भी लौकी खा सकता है। लौकी सिर्फ उन लोगों को नहीं खानी चाहिए, जिन्हें इससे एलर्जी है। अगर आपको लौकी से एलर्जी है, लौकी खाने से आपका पाचन खराब होता है या डायरिया हो जाता है तो इससे परहेज करें। इसके अलावा यह सब्जी सभी के लिए सुरक्षित है।











