बिहार में चुनाव की तैयारी के बीच चिराग पासवान को सोशल मीडिया पर मिली बम से उड़ाने की धमकी, एफआईआर दर्ज

लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान को मिराज इदरीसी नामक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर बम से उड़ाने की धमकी दी है। पार्टी प्रवक्ता डॉ. राजेश भट्ट ने पटना के साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान को मिराज इदरीसी नामक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर बम से उड़ाने की धमकी दी है। पार्टी प्रवक्ता डॉ. राजेश भट्ट ने पटना के साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को मिराज इदरीसी नाम के व्यक्ति द्वारा इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से बम से उड़ाने व जान मारने की धमकी दी गई है। इसकी जानकारी देते हुए पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. राजेश भट्ट ने शुक्रवार को रात सवा दस बजे बताया कि चिराग पासवान को जान से मारने के संबंध में साइबर थाना, पटना में लिखित प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है।

‘बर्दाश्त नहीं होगा दलित नेतृत्व पर कुठाराघात

राजेश भट्ट ने कहा कि यह सिर्फ जनप्रतिनिधि और लोकतंत्र पर हमला ही नहीं, बल्कि दलित नेतृत्व पर भी कुठाराघात है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने देश के गृहमंत्री अमित शाह से चिराग पासवान की पुख्ता सुरक्षा इंतजाम को सुनिश्चित करने की मांग की है। उनकी ओर से दर्ज प्राथमिकी में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और इस मामले में संलिप्त अपराधी को अविलंब गिरफ्तार कर उस पर कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग सरकार और प्रशासन से की गई है।

चिराग को मिली है जेड श्रेणी की सुरक्षा, 12 कमांडो रहते साथ

बीते वर्ष ही चिराग पासवान को केंद्र सरकार की ओर से जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। जेड श्रेणी की सुरक्षा में करीब 33 सशस्त्र सुरक्षाकर्मी (कमांडो) रखे जाते हैं। ये सुरक्षाकर्मी 24 घंटे उनके साथ रहते हैं। इसके साथ 10 आर्म्ड स्टैटिक गार्ड वीआईपी के घर में मौजूद होते हैं। इसके साथ हर समय पीएसओ और 12 कमांडो उनके संग बने रहते हैं। यह सुरक्षा उन्हें सीआरपीएफ की वीआईपी सिक्योरिटी विंग प्रदान करती है।

केंद्र में मंत्री हैं चिराग, एक्टर भी रह चुके

चिराग पासवान ने लोकसभा चुनाव 2024 में हाजीपुर सीट से बंपर जीत हासिल की थी। वे इस वक्त प्रधानमंत्री मोदी कैबिनेट में मंत्री हैं। सक्रिय राजनीति में आने से पहले चिराग बॉलीवुड के एक्टर भी रह चुके हैं। सिनेमा जगत से करियर की शुरुआत करने वाले चिराग पासवान इस वक्त अपने पिता रामविलास पासवान की राजनीतिक विरासत संभाल रहे हैं।

सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की है तैयारी

इससे पहले चिराग पासवान ने छपरा में आयोजित नव संकल्प महासभा को संबोधित करते हुए बिहार की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि जब वे बिहार में आकर चुनाव लड़ने की बात करते हैं तो बहुत लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा भी की थी।

एनडीए का ही हिस्सा रहेंगे चिराग पासवान

साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि वह एनडीए का ही हिस्सा रहेंगे और हर सीट पर चिराग पासवान खड़ा होगा। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि उन्हें बिहार आने से रोकने की साजिश की जा रही है, लेकिन वे किसी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि आज सारण की इस पावन धरती से आप सबके सामने मैं यह कहकर जा रहा हूं कि हां, मैं चुनाव लड़ूंगा।

सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02