पूर्व दिग्ग्ज भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह, पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान और यूसुफ पठान ने बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले डब्ल्यूसीएल मैच से अपने नाम वापस ले लिए हैं। जानकारी के बाद सुरेश रैना ने भी मैच खेलने से इंकार कर दिया।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स क्रिकेट लीग (डब्ल्यूसीएल) 2025 में भारत और पाकिस्तान के मैच पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। रिपोर्ट है कि इंडिया चैंपियंस के हरभजन सिंह इरफान पठान और यूसुफ पठान ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया है। इसके बाद सुरेश रैना ने भी पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। उनके इस फैसले के पीछे राजनीतिक कारण बताया जा रहा है। चारों ही खिलाड़ी इंडिया चैंपियंस टीम का हिस्सा हैं और युवराज सिंह टीम के कप्तान हैं।
इंग्लैंड में खेली जा रही है डब्ल्यूसीएल लीग
इंग्लैंड में इन दिनों वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2025) लीग खेली जा रही है। 20 जुलाई को इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच मुकाबला होना है। मुकाबला एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। हालांकि, मुकाबले से पहले ही इस पर संकट के बादल छाने लगे हैं।
अफरीदी ने भारतीयों के खिलाफ उगला था जहर
रिपोर्ट है कि हरभजन सिंह, इरफान पठान और यूसुफ पठान ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया है। इसके थोड़ी देर बाद सुरेश रैना ने भी मैच का बायकॉट कर दिया है। इसके पीछे राजनीतिक कारण बताए जा रहे हैं। दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने भारत और भारतीय नागरिकों को लेकर जहर उगला था।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद से चल रहा है तनाव
यही नहीं पहलगाम में हुए आतंकी हमला और इसके जवाब में भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर हैं। कई दिग्गज क्रिकटरों ने पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह के क्रिकेट मैच ना खेलने की बात कही है।
एशिया कप पर भी संकट के बादल
इसके अलावा एशिया कप 2025 के लिए ढाका में 24 जुलाई को होने वाली एशियाई क्रिकेट काउंसिल की मीटिंग पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और कई अन्य सदस्य बोर्डों ने राजनीतिक और कूटनीतिक चिंताओं के चलते बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है।
