Tesla Vs BYD : दुनिया के इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) बाजार में इन दिनों अमेरिकी ऑटोमेकर टेस्ला और चीनी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता बीवाईडी के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा चल रही है। टेस्ला को उसके अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर और ब्रांड इमेज के लिए जाना जाता है, वहीं बीवाईडी अपने किफायती दाम और बैटरी तकनीक के दम पर ग्राहकों को लुभा रही है। भारत कौन सी कार खरीदना ज़्यादा समझदारी होगी। खबर पढ़कर जानें।
बीते तीन सालों में इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर लोगों में आकर्षण बढ़ा है। सड़कों पर आसानी से महंगी इलेक्ट्रिक कारों को देखा जा रहा है। ऐसे में हर कंपनी अपना हाथ आजमाना चाहती है। भारत में दो बड़े ब्रांड टेस्ला और बीवाईडी अपनी ईवी कारों को बेचने के लिए दम भर रहे हैं। आइये जानते हैं बैटरी, रेंज, फीचर्स और कीमत के मामले में कौन सी कंपनी किस पर भारी पड़ती है।
कीमत के मामले में बीवाईडी का बाजार में दबदबा
भारत में कीमत का मुकाबला सीधे तौर पर बीवाईडी के पक्ष में जाता है। जहाँ टेस्ला ने प्रीमियम सेगमेंट में एंट्री की है, वहीं बीवाईडी ने अपने मॉडल्स जैसे अट्टो 3 और सील के साथ ग्राहकों को बड़ा विकल्प दिया है। टेस्ला की मॉडल वाई की शुरुआती कीमत लगभग 60 लाख है, जो इसे केवल एक खास वर्ग तक सीमित करती है। इसके मुकाबले, बीवाईडी की गाड़ियां 25 लाख से 53 लाख की रेंज में उपलब्ध हैं।
बैटरी और रेंज में बीवाईडी की ‘ब्लेड बैटरी’ जानदार
रेंज के मामले में दोनों कंपनियां कड़ी टक्कर देती हैं, लेकिन बैटरी तकनीक में बीवाईडी ने एक कदम आगे है। बीवाईडी की ब्लेड बैटरी अपनी सुरक्षा, स्थायित्व और लंबी उम्र के लिए प्रसिद्ध है। बीवाईडी सील 650 किलोमीटर तक की शानदार रेंज का दावा करती है। यह इस बात से भी साबित होता है कि टेस्ला ने खुद अपने कुछ मॉडलों में बीवाईडी की ब्लेड बैटरी का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। जबकि टेस्ला की बैटरी अपनी दक्षता के लिए जानी जाती है।

फीचर्स के मामले में दोनों का दृष्टिकोण अलग-अलग
टेस्ला अपने मिनिमलिस्टिक डिज़ाइन और सॉफ्टवेयर-केंद्रित फीचर्स के लिए जानी जाती है। कार के भीतर एक बड़ी टचस्क्रीन, ऑटोपायलट और ओवर-द-एयर (ओटीए) अपडेट इसके मुख्य आकर्षण हैं। वहीं बीवाईडी की गाड़ियाँ फीचर्स से भरपूर हैं। इसमें रोटेटिंग टचस्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ और प्रीमियम इंटीरियर जैसे कई फीचर्स मिलते हैं। कई ग्राहकों को बीवाईडी का इंटीरियर टेस्ला की तुलना में अधिक शानदार और आरामदायक लगता है।
सर्विस नेटवर्क के मामले में बीवाईडी आगे
भारत में सर्विस और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट एक बड़ा मुद्दा है। टेस्ला ने हाल ही में भारत में अपने शोरूम और सर्विस नेटवर्क की शुरुआत की है, जो अभी काफी सीमित है। वहीं, बीवाईडी पहले से ही भारतीय बाजार में है और इसका डीलरशिप नेटवर्क धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसलिए, फिलहाल सर्विस के मामले में बीवाईडी की स्थिति अधिक मजबूत है।
किसे खरीदना है समझदारी
बीवाईडी एक अधिक व्यावहारिक और समझदारी भरा विकल्प बनकर उभरती है। यह कम कीमत पर टेस्ला के बराबर या बेहतर रेंज और फीचर्स प्रदान करती है। साथ ही, इसका सर्विस नेटवर्क भी अधिक विकसित है। वहीं, टेस्ला उन ग्राहकों के लिए है जो कीमत के बजाय ब्रांड, स्टेटस और आधुनिक सॉफ्टवेयर अनुभव को प्राथमिकता देते हैं।