Cyclone-Montha: चक्रवात ‘मोंथा’ से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हुई, 1.5 लाख एकड़ फसल बर्बाद हो गई। तेलंगाना में भारी बारिश से वारंगल और हनमकोंडा में दो हजार लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।
Cyclone-Montha: चक्रवात मोंथा लगातार कमजोर हो रहा है, लेकिन इसका असर यूपी-बिहार तक दिखाई दे रहा है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में चक्रवात से काफी नुकसान हुआ है। आंध्र प्रदेश में 42 मवेशी मारे गए और करीब 1.5 लाख एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। तेलंगाना के कई हिस्सों में तेज बारिश जारी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 5,265 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
उत्तरी भारत में 24 घंटे से हो रही बारिश
मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बारिश जारी है। बृहस्पतिवार को यूपी के अयोध्या, लखनऊ-कानपुर समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हुई। मध्य प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। भोपाल, इंदौर-उज्जैन में तेज हवा चली। राजस्थान के जयपुर, अलवर, करौली सहित कई जिलों में बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। नेपाल में चक्रवात ‘मोन्था’ के असर से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है।
नेपाल के 26 जिलों में बाढ़ का अलर्ट
नेपाली मौसम विभाग ने 26 जिलों में बाढ़ और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया है। कोशी, मधेश और बागमती प्रांतों की नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अरब सागर के पूर्व-मध्य भाग में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। पूर्व-मध्य अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र बीते छह घंटों में पश्चिम की ओर 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ा है और अगले 36 घंटे तक इस ओर ही बढ़ेगा।
बिजली व्यवस्था के लिए 11,000 कर्मचारी तैनात
आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव के विजयानंद ने बताया कि चक्रवात मोंथा के दौरान राज्य में बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए 11,000 से ज्यादा बिजली विभाग के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार तक 100% बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बापतला जिले के एक स्थानीय चर्च में फंसे 15 लोगों को चक्रवात मोंथा के दौरान सुरक्षित बचा लिया गया। वीडियो में लोग कमर तक पानी में फंसे दिखे, जिन्हें रस्सी की मदद से बाहर निकाला गया।

आंध्र प्रदेश को 5,265 करोड़ का नुकसान
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि चक्रवाती तूफान से राज्य को करीब 5,265 करोड़ का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि यह प्रारंभिक अनुमान है, और विस्तृत रिपोर्ट जल्द केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों से नुकसान का ब्यौरा लिया।
नेल्लोर, बापटल और प्रकाशम सर्वाधिक प्रभावित जिले
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मोंथा’ से सबसे अधिक प्रभावित जिले नेल्लोर, बापटल और प्रकाशम रहे, जबकि अनुमानित जगह काकीनाडा में लैंडफॉल नहीं हुआ। मौसम प्रणाली ने अंततः कोनसीमा जिले के अंतरवेदी गांव के पास तट को पार किया। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य के प्रमुख जलाशय अब अपनी क्षमता के लगभग 90 प्रतिशत तक भर चुके हैं, जिनमें करीब 98.5 टीएमसी (हजार मिलियन घन) पानी संग्रहित है।
वारंगल और हनमकोंडा में 2,000 लोग शिविरों में शिफ्ट
तेलंगाना में मोंथा के प्रभाव से हुई भारी बारिश के बाद वारंगल और हनमकोंडा जिलों में करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार की रात से जारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और वारंगल-हनमकोंडा-काजपेट त्रिशहर क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने निर्देश दिया कि वारंगल के बाढ़ग्रस्त इलाकों में राहत कार्यों को तेज किया जाए।
राजस्थान : बीसलपुर बांध का दूसरा गेट खोला गया
राजस्थान के जयपुर, अलवर, करौली सहित कई जिलों में बृहस्पतिवार सुबह तेज बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। ग्रामीण इलाकों में धुंध भी छाई है। बीसलपुर बांध का बृहस्पतिवार सुबह 6 बजे दूसरा गेट भी दो मीटर खोल दिया गया। अब दोनों गेट को दो-दो मीटर खोलकर प्रति सेकेंड बांध से बनास नदी में 24040 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। प्रदेश के 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़े :
- भारत को फाइनल मुकाबले के लिए खड़ा कर भावुक हुईं जेमिमा, बस ट्राफी पर टिकीं आंखें
- रोमांचक मुकाबले में आस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में पहुंचा भारत, जेमिमा ने लिखी जीत की इबारत
- बिहार के मुजफ्फरपुर में बोले मोदी, तेजस्वी और राहुल ने झूठे वादों की खोल दी है दुकान
बिहार : 25 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
बिहार में चक्रवाती तूफान मोंथा का असर देखने को मिल रहा है। पटना, औरंगाबाद, बक्सर और भागलपुर में सुबह-सुबह बारिश हुई। पटना समेत कई जिलों में बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान ने 25 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। आकाशीय बिजली का भी अलर्ट है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने के कारण दिन का तापमान घटकर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
यूपी : पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में बारिश का अलर्ट
यूपी के पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि तूफान का असर 3 दिन यानी 1 नवंबर तक रहेगा। शुक्रवार को पूर्वांचल में भारी बारिश हो सकती है। 31 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। वहीं, काशी, गोरखपुर और बाराबंकी में बेमौसम बारिश से खेतों में पड़ी धान और आलू की फसल पर खराब होने का खतरा मंडराने लगा है। तेज हवा की वजह से कटने को तैयार फसलें गिर गई हैं।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02