[ad_1]
Israel Palestine Attack: गाजा पट्टी से चलने वाले चरमपंथी संगठन हमास ने शनिवार (7 अक्टूबर) को तड़के दक्षिणी इजराइल में अचानक हमला कर दिया. हमास की ओर से सैकड़ों की संख्या में रॉकेट दागे गए. हमास के बंदूकधारियों ने इजराइली इलाके में घुसपैठ की. इसके बाद इजराइल डिफेंस फोर्सेज ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी. हालात युद्ध जैसे हैं. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा भी है, ”हम युद्ध में हैं.”
दोनों ओर से हमले में ढाई सौ से ज्यादा लोगों ने गंवाई जान
इजरायली विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हमले में कम से कम 100 लोगों ने जान गंवा दी है और 900 से ज्यादा लोग लोग घायल हुए हैं. वहीं, गाजा के मेडिकल सूत्रों ने कहा है कि इजराइली हमले में कम से कम 160 फिलिस्तीनी जान गंवा चुके हैं और एक हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
हमास ने दर्जनों इजराइली सैनिकों को बंदी बना लेने का दावा भी किया है. वहीं, इजराइल की सेना के प्रवक्ता ने भी पुष्टि की है कि हमास के चरमपंथियों ने गाजा में इजराइली नागरिकों और सैनिकों को बंधक बना रखा है.
भारत और अमेरिका ने किया इजराइल का समर्थन
इस घटनाक्रम ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है. ईरान ने हमास की तरफदारी की है, वहीं भारत और अमेरिका ने इजराइल का समर्थन किया है. भारत में इजराइली राजदूत ने नोर गिलोन (Naor Gilon) ने समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद भी दिया है और कहा है कि उनके समर्थन से इजराइल को प्रबल होगा.
UNSC रविवार को करेगा बंद कमरे में बैठक
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, फिलिस्तीन के मुद्दे और मध्य पूर्व की स्थिति पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद रविवार (8 अक्टूबर) को बंद कमरे में बैठक करेगा.
इजराइली सेना ने गाजा पट्टी के नजदीकी शहरों के निवासियों को अपने घरों में रहने और बाकी जनता को बम से बचाव वाले आश्रयों के पास रहने के निर्देश जारी किए हैं. इजराइल के रक्षा मंत्री ने कहा कि हमास ने इजराइल के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है, इसमें इजराइल की जीत होगी.
इजराइल के रक्षा मंत्री के कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक, रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने आईडीएफ की आवश्यकताओं के अनुसार आरक्षित सैनिकों के मसौदे को मंजूरी दे दी है.
इजराइली सेना बोली- हमास को चुकानी पड़ेगी कीमत
इजराइली सेना ने कहा कि हमास… जो इस हमले के पीछे है, घटनाओं के परिणाम के लिए जिम्मेदार होगा. आईडीएफ ने चेतावनी दी कि हमास की ओर से अचानक की गई कार्रवाई की उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. उसने कहा कि हमास ने सुबह रॉकेट हमले के साथ ही इजराइली क्षेत्र में आतंकी घुसपैठ की घटना को अंजाम दिया है.
स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख मोहम्मद दीफ ने एक बयान में कहा, ‘‘हमने दुश्मन को अल-अक्सा मस्जिद के खिलाफ अपनी आक्रामकता जारी नहीं रखने की चेतावनी दी.’’
इजराइल के समर्थन में पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमास उग्रवादियों के हमले के मद्देनजर शनिवार को इजराइल के प्रति एकजुटता व्यक्त की. पीएम मोदी ने इजराइल पर हुए हमास के हमले को ‘आतंकवादी हमला’ करार देते हुए इसकी निंदा की. पीएम मोदी ने कहा, ”इजराइल में आतंकवादी हमलों की खबर से स्तब्ध हूं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं निर्दोष पीड़ित परिवारों के साथ हैं. इस कठिन घड़ी में हम इजराइल के साथ एकजुटता से खड़े हैं.”
इजराइल में मौजूद भारतीयों के लिए जारी की गई एडवाइजरी
इजराइल के दक्षिण में अभूतपूर्व युद्ध जैसे हालात को देखते हुए शनिवार को भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और “सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी. दूतावास ने अपने परामर्श में कहा, “इजराइल में वर्तमान स्थिति को देखते हुए, इजराइल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध किया जाता है कि वे सतर्क रहें और स्थानीय अधिकारियों की सलाह के अनुसार सुरक्षा नियमों का पालन करें. कृपया सावधानी बरतें, अनावश्यक आवाजाही से बचें और सुरक्षित स्थलों के करीब रहें.”
परामर्श अंग्रेजी, हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयाली और कन्नड़ भाषाओं में जारी किया गया है. दूतावास की वेबसाइट पर दिए गए विवरण के अनुसार, इजराइल में लगभग 18,000 भारतीय नागरिक हैं, जिनमें मुख्य रूप से इजराइली बुजुर्गों, हीरा व्यापारियों, आईटी पेशेवरों और छात्रों की देखभाल करने के लिए नियुक्त लोग शामिल हैं. इजराइल में भारतीय मूल के लगभग 85,000 यहूदी भी हैं जो पचास और साठ के दशक में भारत से इजराइल गए थे.
एयर इंडिया ने तेल अवीव के लिए जाने वाली उड़ान की रद्द
इजराइल के तेल अवीव पर शनिवार को हमास चरमपंथियों के हमला करने के बाद एयर इंडिया ने नई दिल्ली से वहां जाने वाली उड़ान रद्द कर दी. एयरलाइन तेल अवीव के लिए पांच साप्ताहिक उड़ानें संचालित करती है. ये उड़ानें- सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को होती हैं.
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनिवार को नई दिल्ली से तेल अवीव के लिए उड़ान संख्या एआई 139 और वापसी की उड़ान एआई 140 को रद्द कर दिया गया है. उड़ान एआई 139 भारतीय समयानुसार शनिवार दोपहर 3.35 बजे रवाना होनी थी और तेल अवीव से वापसी की उड़ान इजराइल के समय अनुसार रात 10.10 बजे थी. दिल्ली और तेल अवीव में लगभग 2.30 घंटे का अंतर है. एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, यात्रियों को उनकी जरूरत के अनुसार पूरा सहयोग किया जा रहा है.
हमास के हमले का वीडियो वायरल
इस बीच इजराइली विदेश मंत्रालय की ओर से मैनेज किए जाने वाले X हैंडल से पोस्ट किया गया एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें गोलीबारी और धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है. वहीं इमारतों के बीच पार्किंग में जलती हुई कारों से उठती लपटें दिख रही हैं.
पोस्ट में लिखा गया, ”इजराइल के आवासीय क्षेत्र सुबह से ही रॉकेट हमले की चपेट में हैं. सशस्त्र हमास आतंकवादी सड़कों पर गश्त कर रहे हैं और उन निर्दोष इजराइली नागरिकों को मारने की कोशिश कर रहे हैं जिन्होंने खुद को अपने घरों में बंद कर लिया है. हम युद्ध में हैं.”
क्या कहा अमेरिका ने?
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की फोन पर बात हुई है. बाइडेन ने नेतन्याहू को मदद को भरोसा दिया है. इजराइली पीएम से बात करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बयान में कहा, “मैंने प्रधानमंत्री नेतन्याहू को साफ कर दिया है कि हम मदद के लिए सभी उचित संसाधन देने के लिए तैयार हैं.”
बाइडेन ने कहा, “इजराइल को अपनी और अपने लोगों की रक्षा करने का अधिकार है. अमेरिका जंग के हालात में इजराइल के खिलाफ लाभ उठाने की सोच रखने वाली किसी भी दूसरी पार्टी को चेतावनी देता है.”
यह भी पढ़ें- हमास के हमले पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन बोले- हम इजराइल साथ खड़े, हर मदद को तैयार
[ad_2]
