UP Lightning wreaks havoc: यूपी के छह जिलों में सोमवार को आकाशीय बिजली से कहर बरपाया। महोबा में माँ-बेटी, चित्रकूट में युवक और औरैया में एक किसान की मौत हो गई। इटावा में बुजुर्ग महिला और हमीरपुर में युवक बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। जालौन में टोल प्लाजा पर बिजली गिरने से सिस्टम ठप हो गया।
UP Lightning wreaks havoc: उत्तर प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने से कई लोग काल के गाल में समा गए। महोबा में खेत में मूंगफली निकाल रहे मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चित्रकूट में एक युवक पर बिजली गिरने से जान चली गई। औरैया में खेत में काम कर रहे किसान भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। इटावा में घर में बुजुर्ग महिला और हमीरपुर में कथा सुन रहा युवक बिजली गिरने से झुलस गया।
महोबा में खेत में मूंगफली निकाल रही थीं मां-बेटी
महोबा के थाना महोबकंठ क्षेत्र के ग्राम कनकुआ निवासी 50 वर्षीय सीतारानी उर्फ सीता अपनी 28 वर्षीय पुत्री ममता के साथ सोमवार शाम करीब चार बजे मौजा देवगांव स्थित खेत गई थी। ग्रामीणों के अनुसार दोनों खेत में मूंगफली उखाड़ने का काम कर रहीं थीं। सोमवार शाम तेज बारिश के साथ बिजली गिरी और इसकी चपेट में आने से मां-बेटी की मौत हो गई। ममता के दो पुत्र चार साल के छोटू व छह वर्षीय कार्तिक हैं। थानाध्यक्ष महोबकंठ विनोद कुमार ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
पतारा में एक घंटे बाधित रही शहर की आपूर्ति
वर्षा के साथ बिजली गिरने से पतारा 33 केवी पावर स्टेशन की लाइन में खराबी आने से करीब एक घंटे तक शहर में बिजली व्यवस्था बाधित रही। बिजली विभाग के कर्मियों ने सुमेरपुर पावर स्टेशन से लाइन जोड़कर बिजली आपूर्ति चालू की। करीब एक घंटा शहर को बिजली नहीं मिल सकी। एसडीओ मोहम्मद सहजाद खान ने बताया कि लाइन में आकाशी बिजली गिरने से इंसुलेटर खराब हो गए है। करीब एक घंटे बाद पूरे शहर को बिजली मिल सकी है।
यह भी पढ़ें:
- पीओके में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन तेज, आंदोलनकारियों पर फायरिंग में दो की मौत
- अमेरिका के उत्तरी कैरालिना में आपातकाल घोषित, तूफान इमेल्डा का खतरा, लोगों को दी चेतावनी
- छात्राओं के यौन शोषण का आरोपित स्वामी चैतन्यानंद आगरा से गिरफ्तार, कोर्ट ने पुलिस हिरासत में दिया
बिजली गिरने से युवक झुलसा
मौदहा क्षेत्र के पाटनपुर गांव के काली कमली वाले स्थान पर इंगोहटा निवासी शिवशंकर ने देवी पुराण की कथा आयोजित कराई थी। कथा के दौरान सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे जेत गर्जना होने से बिजली गिर गई। जिससे वहां मौजूद 30 वर्षीय सचिन पुत्र राम जीवन निवासी पाटनपुर बिजली की चपेट में आकर झुलस गया। जिसे फौरन वहां मौजूद लोगों ने कस्बे के सीएचसी पहुंचाया। जहां पर उसका उपचार किया जा रहा है और हालत में सुधार बताया जा रहा है।
हमीरपुर जेल में गिरी बिजली, आपूर्ति ठप
दोपहर में तेज गर्जना के साथ जेल के अंदर वर्षा के दौरान एक पेड़ के ऊपर गिर गई। बिजली गिरते ही जेल के अंदर खलबली मच गई। वहीं जेल के अधिकारी व कर्मचारी भी हैरान हो गई। बिजली गिरने से जेल के अंदर बिजली आपूर्ति भी गुल हो गई। जिसके कारण जेल के अधिकारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जेल अधीक्षक मंजीव विश्वकर्मा ने बताया कि जेल के अंदर बिजली गिरने से कुछ समस्या हुई थी। आपूर्ति भी ठप हो गई है। जिसे सही कराया जा रहा है।
चित्रकूट में किसान की मौत
चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय सत्येंद्र दोपहर करीब तीन बजे खेतों की निगरानी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। भाई जितेंद्र ने बताया कि सत्येंद्र खेती-किसानी करता था और दो भाइयों में छोटा था। अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है।
औरैया में बिजली गिरने से किसान की मौत
औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र के वाकरपुर में दोपहर को एक किसान पर खेतों में काम करते समय बिजली गिर गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाकरपुर निवासी 55 वर्षीय मुलायम सिंह पुत्र नाथुराम सिंह दोपहर को अपने खेतों में काम कर रहे थे। तभी लगभग 2:30 बजे अचानक बारिश हुई और बिजली गिर गई। जिससे मुलायम सिंह की मौत हो गई।
इटावा में घर पर बिजली गिरने से वृद्धा झुलसी
इटावा के इकदिल क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर में में सोमवती देवी पत्नी शोभाराम 60 वर्ष बारिश के चलते अपने घर के कमरे में लेटी थीं। तभी शाम करीब चार बजे बिजली कमरे पर गिरी जिससे सोमवती गंभीर रूप से झुलस गईं। गृहस्थी के सामान का भी नुकसान हुआ। स्वजन ने आनन-फानन में वृद्धा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जालौन में बिजली गिरने से टोल प्लाजा का काम प्रभावित
सोमवार दोपहर आटा टोल प्लाजा पर लगे बिजली के पोल पर बिजली गिर जाने से टोल के इलेक्ट्रानिक्स उपकरण ठप हो गए। जिससे कानपुर की ओर जाने वाली लेन र वाहनों की कतारें लग गई थीं। दो किमी तक पहुंची वाहनों की लाइनों को देखकर टोल कर्मियों ने दो लाइनों को चालू कर वाहनों की फोटो खींचकर उन्हें आगे बढ़ाया। टोल मैनेजर अनिकेश श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली के पोल पर बिजली गिरने से करीब एक घंटे तक काम प्रभावित रहा।
