
Noida International Airport: केंद्रीय उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन रायडू ने घोषणा की है कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 30 अक्टूबर को होगा। इसके 45 दिन बाद उड़ानें शुरू हो जाएंगी। पहले चरण में बड़े शहरों के लिए उड़ानें शुरू करने की योजना है।
Noida International Airport: नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के शुरू होने का इंतजार अब लगभग खत्म होने को हैं। केंद्रीय उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन रायडू ने इसके शुभारंभ की तारीख घोषित कर दी है। बुधवार को हिंडन एयरपोर्ट यात्री सेवा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का शुभारंभ कराया जाएगा।
पहले चरण में सिर्फ बड़े शहरों के लिए होंगी उड़ानें
उन्होंने कहा कि सरकार देश के सभी हवाई अड्डों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। इसमें मुफ्त वाईफाई पुस्तकालय और किड्स जोन जैसी सुविधाएं होंगी। पहले चरण में बैंगलुरू, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों के लिए उड़ानें शुरू करने का प्रयास होगा। उड्डयन मंत्री ने कहा कि कोशिश है कि देश के सभी एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
एयरपोर्ट पर सुविधाएं बढ़ाएगी सरकार
अगले एक या दो माह में सभी एयरपोर्ट पर यात्रियों को नि:शुल्क वाईफाई की सुविधा दी जाएगी। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सभी यात्रियों को यह सुविधा मिलेगी। इसके अलावा नि:शुल्क लाइब्रेरी की सुविधा भी जल्द ही सभी एयरपोर्ट पर शुरू होगी। इसके साथ ही किड्स जोन भी एयरपोर्ट पर बनाए जाने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें:
- नोएडा एयरपोर्ट के रनवे से घरेलू और कार्गो विमान सेवा को मिली मंजूरी, बस डीजीसीए की अनुमति का इंतजार
- एशिया कप में दोबारा टीम इंडिया के सामने पाकिस्तान, यूएई को हारकर सुपर-4 में पहुंचा पाक
- कानपुर यूनीवर्सिटी में डीआरडीओ चेयरमैन ने किया खुलासा, तीन साल में भारत के पास होगा एस-400 जैसा डिफेंस सिस्टम
हिंडन एयरपोर्ट के विस्तार के लिए चल रहा प्रयास
हिंडन एयरपोर्ट के विस्तार पर केंद्रीय उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि हिंडन एयरपोर्ट तेज गति से बढ़ने वाला एयरपोर्ट है। पांच साल पहले यहां से एक शहर के लिए उड़ान थी लेकिन अब 16 शहरों से इसकी कनेक्टिविटी है। लोगों से फीडबैक समय-समय पर लिया जाता है।
राज्य सरकार से मांगी नौ एकड़ भूमि
इससे पता चलता है कि हिंडन एयरपोर्ट में बहुत संभावनाएं हैं। राज्य सरकार से इसके विस्तार के लिए नौ एकड़ भूमि की मांग की है जबकि पार्किंग के लिए हिंडन एयरफोर्स से भी वार्ता चल रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नजदीक होने के चलते यह एक अहम एयरपोर्ट है।
प्रधानमंत्री ने प्रधान सेवक के तौर पर किया काम
यात्री सेवा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने सभी स्टाल का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में एयरपोर्ट पर यात्री सेवा दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने 11 साल प्रधानमंत्री नहीं बल्कि प्रधान सेवक के तौर पर देश की सेवा की है। हिंडन एयरपोर्ट के निदेशक उमेश यादव ने बताया कि यात्रियों के स्वागत के साथ आंखों की जांच, स्वास्थ्य जांच, रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इसके अलावा एक वृक्ष मां के नाम अभियान के तहत एयरपोर्ट परिसर में पौधारोपण किया गया।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02











