Home अर्थवार्ता हिन्दुस्तान यूनीलीवर की पहली महिला सीईओ बनीं प्रिया नायर, 30 साल पहले...

हिन्दुस्तान यूनीलीवर की पहली महिला सीईओ बनीं प्रिया नायर, 30 साल पहले बतौर ट्रेनी कंपनी में शुरू किया था करियर

53 वर्षीय प्रिया नायर देश की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी हिन्दुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड की सीईओ-एमडी नियुक्त की गई हैं। वह एक अगस्त को कंपनी की कमान संभालेंगी। कंपनी के 92 साल के इतिहास में पहली बार कोई महिला कंपनी की सीईओ बनेगी। प्रिया कंपनी से 30 साल से जुड़ी हैं।

53 वर्षीय प्रिया नायर देश की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी हिन्दुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड की सीईओ-एमडी नियुक्त की गई हैं। वह एक अगस्त को कंपनी की कमान संभालेंगी। कंपनी के 92 साल के इतिहास में पहली बार कोई महिला कंपनी की सीईओ बनेगी। प्रिया कंपनी से 30 साल से जुड़ी हैं।

प्रिया नायर ने 30 साल पहले हिन्दुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड में बतौर ट्रेनी शुरूआत की थी। इस दौरान उन्होंने करीब 13 प्रमोशन पाए और अब कंपनी की पहली महिला सीईओ बनकर इतिहास रच दिया। प्रिया एक अगस्त से 5 साल के लिए कमान संभालेंगी और रोहित जावा की जगह लेंगी। कंपनी के 92 साल के इतिहास में यह पहली बार है, जब कोई महिला कंपनी की सीईओ बनेगी। उन्होंने अब तक डव और सनसिल्क जैसे बड़े ब्रांड्स को लीड किया है। आइए जानते हैं कि कौन हैं प्रिया नायर?

कैसा रहा प्रिया नायर का सफर

प्रिया का जन्म महाराष्ट्र के कोल्हापुर में मलियाली परिवार में हुआ था। प्रिया नायर ने साल 1995 में करियर की शुरुआत की थी। तब उन्होंने बतौर ट्रेनी हिन्दुस्तान यूनीलीवर ज्वाइन की थी। उन्होंने कंज्यूमर इनसाइट मैनेजर, ब्रांड मैनेजर, मार्केटिंग मैनेजर, जनरल मैनेजर, वाइस प्रेसिडेंट, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर, चीफ मार्केटिंग मैनेजर जैसे अहम पदों पर रह चुकी हैं। अपने 30 साल के लंबे करियर में उन्होंने डव, सनसिल्क और वैसलीन जैसे फेमस ब्रांड्स को लीड किया है।

हार्वर्ड से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में की पढ़ाई

प्रिया की शुरुआती पढ़ाई महाराष्ट्र में ही हुई। उन्होंने 1992 में सिडेनहैम कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से बीकॉम की डिग्री हासिल की है। वहीं 1994 में पुणे के सिम्बायोसिस इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्कूल से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में एमबीए किया है। उन्होंने हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और मैनेजमेंट की पढ़ाई की है।

प्रिया नायर को मिल सकती है 23 करोड़ सैलरी

प्रिया नायर अभी यूनिलीवर में ब्यूटी और वेल-बीइंग बिजनेस की प्रेसिडेंट हैं। वह 1 अगस्त को पद संभालेंगी और 31 जुलाई 2030 यानी पांच साल तक इस पद पर काम करेंगी। रिपोर्ट्स की माने तो कंपनी के मौजूदा सीईओ रोहित जावा को वित्तीय वर्ष 2025 में 23.23 करोड़ रुपए की सैलरी मिली। जिसमें 3.65 करोड़ रुपए सैलरी, 11.45 करोड़ रुपए भत्ता, 3.78 करोड़ रुपए बोनस और 2.76 करोड़ रुपए लॉन्ग टर्म इन्सेंटिव शामिल है। माना जा रहा है कि प्रिया नायर को इसी के आसपास या ज्यादा सैलरी मिल सकती है।

अध्यक्ष ने की प्रिया की तारीफ

गुरुवार यानी 10 जुलाई को कंपनी के अध्यक्ष नितिन परांजपे ने प्रिया नायर की जमकर तारीफ की। उन्होंने बधाई देते हुए कहा- कंपनी में प्रिया का करियर शानदार रहा। मुझे पूरा भरोसा है कि वह इंडियन मार्केट में गहरी समझ के आधार पर कंपनी को बहुत आगे ले जाएंगी।

शेयरों में पांच फीसदी तक का आया उछाल

दिलचस्प बात यह है कि प्रिया नायर के सीईओ की घोषणा के बाद ही कंपनी के शेयर में 5 फीसदी तक का उछाल देखने को मिला। शुक्रवार को कंपनी के शेयर 2,475 से 2,523 रुपए के बीच ट्रेड कर रहे थे। कंपनी ने पिछले पांच साल में 13 फीसदी का प्रॉफिट दिया है। हालांकि, कंपनी ने पिछले एक साल में निवेशकों को नुकसान कराया है।

देश की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी

हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड देश की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कंपनी का मार्केट कैप 5.66 लाख करोड़ रुपए और टर्नओर 60,680 करोड़ रुपए से भी ज्यादा है।

क्या बनाती है कंपनी और कितने देशों में है कारोबार?

कंपनी 20 से ज्यादा देशों में कारोबार करती है। साथ ही, 50 से ज्यादा ब्रांड्स बनाती है, जो देश के हर घर में इस्तेमाल होते हैं। कंपनी साबुन, डिटर्जेंट पाउडर, शैंपू, चाय, स्किन केयर, टूथपेस्ट और कई पैकेज्ड फूड बनाती है। इनमें लक्स, लाइफबॉय, रिन, व्हील, सर्फ एक्सल, पॉन्ड्स, वैसलीन, क्लीनिक प्लस, डव, हॉर्लिक्स जैसे प्रोडक्ट्स शामिल हैं।

सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02

Exit mobile version