
यूपी में कानपुर के पास दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस के डिरेल होने के मामले में सिग्नल और सिविल इंजीनियरिंग विभागों की लापरवाही सामने आई है। प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि ट्रैक की मरम्मत सही तरीके से नहीं की गई। इस कारण ट्रेन के दो डिब्बे लूप लाइन से उतर गए। रेल संरक्षा आयुक्त ने घटनास्थल का दौरा किया।
कानपुर के पास दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर ट्रेन हादसे में लापरवाही सामने आई है। साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15269) के दो कोच लूप लाइन की मरम्मत में लापरवाही के कारण ही बेपटरी हुए। माना जा रहा कि हादसे से लगभग एक घंटा पहले लोको निरीक्षकों की देखरेख में खत्म हुए काम के बाद कोई खामी रह जाने से ही कोच पटरी से उतरे।
सिग्नल विभाग की ओर से प्वाइंट को सुरक्षित रखने में खामी
सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन विभाग की ओर से प्वाइंट को सुरक्षित रखने में खामी, सिविल इंजीनियरिंग विभाग की ओर से लाक क्लिप ठीक से नहीं लगाने व लाइन की मरम्मत में अनदेखी के तीनों बिंदुओं पर शनिवार को पूर्वोत्तर परिमंडल के मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने टीम के साथ घटनास्थल पर जांच की। उन्हें कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

कानपुर से 25 किमी दूर भाऊपुर स्टेशन से पहले हादसा
बिहार के मुजफ्फरपुर जंक्शन से अहमदाबाद के साबरमती जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस सेंट्रल स्टेशन से 25 किलोमीटर दूर भाऊपुर के आउटर यार्ड पर लूप लाइन पर ले जाते समय शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। आग लगने की अफवाह से यात्री कोचों से कूद पड़े थे। इसमें 15 यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जबकि पांच को अस्पताल भेजना पड़ा था।
26 ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर पड़ा रोकना
राजधानी-शताब्दी जैसी 26 ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा था। 56 ट्रेनें सेंट्रल स्टेशन पर दो से पांच घंटा तक देरी से आई थीं। शनिवार सुबह पूर्वोत्तर परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने तकनीकी अफसरों की टीम के साथ भाऊपुर स्टेशन यार्ड में घटनास्थल पर जांच की।
मंडल रेल प्रबंधक ने घायलों से की मुलाकात
मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने टीम के साथ एक-एक बिंदु को समझा। यहां से वह जनसाधारण के हटाए गए तीनों कोचों की जांच करने के लिए न्यू कोचिंग कांप्लेक्स गए। फिर एलएलआर अस्पताल में घायलों से मुलाकात कर बात की। दोनों गंभीर रूप से घायल यात्रियों व साधारण घायल तीनों यात्रियों को मुआवजा राशि भी दी गई।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन हादसे की जांच शुरू हो गई है। तीन से चार दिन में प्राथमिक रिपोर्ट आ जाएगी। विस्तृत रिपोर्ट के लिए अभी समय लगेगा।
यह भी पढ़े: यूपी के कानपुर में साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस की 2 बोगियां पटरी से उतरी, दहशत में ट्रेन से उतर भागे यात्री
पांच अगस्त को दर्ज होंगे 120 लोगों के बयान
प्रयागराज मंडल के रेलवे जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि भाऊपुर यार्ड में घटना का समय 4:20 बजे होने की बात सामने आई है। 120 लोगों के बयान लिए जाएंगे। पांच अगस्त को सुबह 10:30 बजे से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रयागराज के संकल्प हाल में ट्रेन के इंजन में मौजूद टूंडला के लोको पायलट चमन अहमद व लोको निरीक्षक सुनील शर्मा के बयान दर्ज होंगे।
दिल्ली-हावड़ा रूट पर ट्रेनों की बिगड़ी चाल
जनसाधारण एक्सप्रेस के दो कोच बेपटरी होने के बाद से दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर ट्रेनों की चाल शनिवार को भी बिगड़ी रही। 100 से अधिक ट्रेनें घंटों देरी से सेंट्रल स्टेशन आईं। इससे प्रतीक्षालय, प्लेटफार्मों पर यात्री व उनके स्वजन बेहाल रहे। अभी इसका असर एक से दो दिन रहेगा। लगभग 1708 यात्रियों ने टिकट रद करा दूसरे साधनों से यात्रा की।
सेंट्रल शताब्दी पांच घंटे देरी से पहुंची
शुक्रवार शाम भाऊपुर आउटर यार्ड पर हादसे के बाद ट्रेनों की चाल बिगड़ गई थी। राजधानी-कानपुर सेंट्रल शताब्दी जैसी ट्रेनें पांच घंटा तक देरी से सेंट्रल स्टेशन पहुंचीं। रात 10 बजे आने वाली ट्रेनें सुबह तीन बजे पहुंचीं। हादसे का असर दूसरे दिन तक ऐसा रहा कि लखनऊ जंक्शन से वाया कानपुर सेंट्रल झांसी-मुंबई व वाया अनवरगंज फर्रुखाबाद-कन्नौज के रास्ते जाने वाली ट्रेनें भी लेट हुईं।
एक से सात घंटे तक देरी से आईं ट्रेनें
आगरा छावनी वंदे भारत एक्सप्रेस एक घंटा, हावड़ा दूरंतो एक्सप्रेस ढाई घंटा, सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस सात घंटा, नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस पौने सात घंटा, दरभंग क्लोन स्पेशल ढाई घंटा, नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस सवा चार घंटा, ऊंचाहार एक्सप्रेस पौने दो घंटा, आगरा किला इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस चार घंटा देरी से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचीं।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02











