Women’s World Cup: आईसीसी महिला क्रिकेट विश्वकप 2025 में दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाज लाउरा वोलवार्ट ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 571 रन बनाए। वहीं 434 रन के साथ दूसरे नंबर पर भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना रहीं। वहीं भारत की दीप्ति शर्मा ने कुल नौ मैचों में सर्वाधिक 22 विकेट चटकाए।
Women’s World Cup: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को महिला विश्व कप का खिताबी मुकाबला खेला गया। दोनों ही टीमों ने अपने पहले खिताब के लिए जोर लगाया, लेकिन भारतीय टीम विश्व चैंपियन बनने में सफल रही। वहीं, यह भी तय हो गया है कि टूर्नामेंट में किस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा रन और किसने सर्वाधिक विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाज सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं, जबकि गेंदबाजों में दीप्ति शर्मा ने बाजी मारी है।
भारत-दक्षिण अफ्रीका का सफर
भारत और दक्षिण अफ्रीका के महिला विश्व कप 2025 में सफर पर नजर डालें तो दोनों का प्रदर्शन ग्रुप चरण में अच्छा रहा था। दक्षिण अफ्रीका की टीम सात मैचों में पांच जीत और दो हार के साथ 10 अंक लेकर तीसरे स्थान पर थी, जबकि मेजबान भारतीय टीम सात मैचों में तीन जीत, तीन हार और एक बेनतीजा मैच के साथ सात अंक लेकर चौथे स्थान पर रहते ही सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही थी। दोनों टीमें अब खिताबी मैच में आमने-सामने थीं, जिसमें भारत ने बाजी मारी।
टूर्नामेंट में जमकर गरजा वोलवार्ट का बल्ला
दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाज लाउरा वोलवार्ट और भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना का बल्ला मौजूदा टूर्नामेंट में जमकर बोला। दोनों बल्लेबाज टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की दौड़ में शामिल थीं। वोलवार्ट पहले से ही मंधाना से आगे चल रही थीं और फाइनल में शानदार पारी की मदद से वोलवार्ट टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनीं। वोलवार्ट ने टूर्नामेंट में कुल 571 रन बनाए, जबकि मंधाना 434 रन बनाकर दूसरे स्थान पर रहीं।
विश्वकप 2025 टूर्नामेंट में टॉप पांच बल्लेबाज
- लॉरा वोलवार्ड्ट दक्षिण अफ्रीका 571 रन
- स्मृति मंधाना भारत 434 रन
- एशले गार्डनर ऑस्ट्रेलिया 328 रन
- प्रतिका रावल भारत 308 रन
- फोबे लिचफील्ड ऑस्ट्रेलिया 304 रन
महिला विश्व कप में वोलवार्ट का प्रदर्शन
मौजूदा महिला विश्व कप में मंधाना और वोलवार्ट के प्रदर्शन की बात करें तो मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ 8, पाकिस्तान के खिलाफ 23, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 23, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 80, इंग्लैंड के खिलाफ 88, न्यूजीलैंड के खिलाफ 109, बांग्लादेश के खिलाफ 34*, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 24 रन की पारी खेली थी, जबकि फाइनल में उन्होंने 45 रन बनाए। मंधाना ने इस टूर्नामेंट में एक शतक और दो अर्धशतक लगाए।
वहीं, वोलवार्ट के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 5, न्यूजीलैंड के खिलाफ 14, भारत के खिलाफ 70, बांग्लादेश के खिलाफ 31, श्रीलंका के खिलाफ 60*, पाकिस्तान के खिलाफ 90, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 31, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 169 रनों की पारी खेली थी। वहीं, फाइनल में वोलवार्ट ने शतक लगाया और 101 रनों की पारी खेली। वोलवार्ट ने टूर्नामेंट में दो शतक और दो अर्धशतक लगाए।

विश्वकप 2025 टूर्नामेंट में टॉप पांच गेंदबाज
- खिलाड़ी टीम विकेट मैच
- दीप्ति शर्मा भारत 22 9
- ए सदरलैंड ऑस्ट्रेलिया 17 7
- एस एक्लेस्टोन इंग्लैंड 16 7
- श्री चरणी भारत 14 9
- अलाना किंग ऑस्ट्रेलिया 13 7
गेंदबाजों में सबसे आगे निकलीं दीप्ति
भारत की स्टार ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा के टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। फाइनल से पहले दीप्ति 17 विकेट लेकर इस सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रही थीं, लेकिन जैसे ही उन्होंने सिनालो जाफ्ता का विकेट लिया वह सभी से आगे निकल गईं। दीप्ति के अलावा एनाबेल सदरलैंड के नाम 17 विकेट थे और वह दीप्ति के साथ इस दौड़ में शामिल थीं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया का सफर सेमीफाइनल में थम गया था।
यह भी पढ़े :
- वाइल्ड कार्ड से शेफाली को मिली थी इंट्री, विश्वकप फाइनल में जीता सबका दिल
- क्रिकेट के महाकुंभ में भारत की बेटियां पहली बार बनीं विश्व विजेता, साउथ अफ्रीका को हराया
- स्मृति मंधाना ने तोड़ डाला मिताली राज का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड, टूर्नामेंट में 434 रन बनाए
दीप्ती ने फाइनल में झटके पांच विकेट
ऐसे में दीप्ति सभी से आगे निकलने में सफल रहीं। दीप्ति ने मौजूदा महिला विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ 3, पाकिस्तान के खिलाफ 3, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2, इंग्लैंड के खिलाफ 4, न्यूजीलैंड के खिलाफ 1, बांग्लादेश के खिलाफ 1, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 2 दो विकेट लिए। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में उन्होंने पांच विकेट लिए।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02