
देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हो गया है। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार शाम से हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश में मानसून 26 और 27 जून को ठहरा हुआ रहेगा। ऐसे में उमस बढ़ सकती है। हालांकि 28 जून से एक बार फिर मौसम बदल जाएगा। अगले 24 घंटों में मानसूनी बारिश हो सकती है, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शुक्रवार को भारी बारिश का अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश में फिलहाल दो दिन मानसूनी बारिश पूर्वांचल की बजाए पश्चिमी हिस्से में मेहरबान रहेगी। बृहस्पतिवार को पश्चिम के सात जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिम व बुदेलखंड के 43 जिलों में गरज चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है। बुधवार को पूर्वी हिस्से में धूप-छांव के बीच सोनभद्र, वाराणसी, प्रतापगढ़, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर आदि में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। कई इलाकों में छिटपुट बारिश होने के बाद उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया।

पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में अच्छी बारिश के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक 28 से 30 जून के बीच पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में अच्छी बारिश के संकेत हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 26 व 27 जून को पूर्वी यूपी में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं पश्चिमी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के संकेत हैं। 28 से 30 जून के बीच पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में अच्छी बारिश के संकेत हैं।
यहां है भारी बारिश की संभावना
सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, ललितपुर व आसपास के इलाकों में।
बादल गरजने के साथ बिजली गिरने की आशंका
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में।

उत्तराखंड के इन जिलों में आज होगी तेज बारिश
मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंसेज ने उत्तराखंड के आठ राज्यों में तेज बारिश के साथ बाढ़ की चेतावनी जारी की है। टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून, नैनीताल, चंपावत, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गुरुवार सुबह पांच बजे तक बाढ़ की आशंका है। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने संबंधित जिलों को चेतावनी भेजी है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर एवं नैनीताल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी वर्षा के साथ ही तेज दौर की हवाएं चलने के आसार हैं। उत्तराखंड के अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भी बाढ़ जैसे हालात
राजस्थान में भी बीते 24 घंटों में भारी बारिश हुई है। सबसे अधिक 180 मिमी बारिश बारां जिले के मांगरोल में दर्ज की गई। कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। निचले इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने 25 से 27 जून के दौरान बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर और उदयपुर में तेज हवाओं के साथ अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी है। 27 जून से पूर्वी राजस्थान में भी बारिश में वृद्धि होने की संभावना व्यक्त की है।
दिल्ली में मानसूनी बारिश का इंतजार
दिल्ली-एनसीआर में अभी भी लोगों को मानसूनी बारिश का इंतजार है। रोज आसमान में घनघोर बादल छा रहे हैं, लेकिन बारिश नहीं हो रही। जिससे लोगों को गर्मी और उसम झेलनी पड़ रही है। आईएमडी ने एक दिन पहले ही दिल्ली-एनसीआर में मानसून के पहुंचने की संभावना जताई थी। साथ ही कहा था कि इसके प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान पूरे क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
हिमाचल में बादल फटने से तबाही
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को गरज के साथ बारिश आंधी तूफान को लेकर मौसम विभाग ने पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। आशंका अनुसार जमकर बादल बरसे। कुल्लू जिले में सैंज, गड़सा, मनाली और बंजार के अलग-अलग क्षेत्रों में बादल फटने की घटनाएं सामने आईं। सैंज के रैला बिहाल में बादल फटने से तीन लोग बह गए हैं। धर्मशाला के खनियारा की मनूणी खड्ड में बादल फटने से आई बाढ़ में निर्माणाधीन हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के 10 से अधिक मजदूर बह गए हैं। अभी तक दो लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। सैंज घाटी में अलग-अलग क्षेत्रों में 150 से अधिक वाहनों के साथ 2,000 से अधिक पर्यटक फंस गए हैं। लाहौल में भी 25 पर्यटक फंसे हैं।











