
आपकी त्वचा पर अचानक या लम्बे वक्त से नजर आने वाली डलनेस, दाग, निशान या छोटे-छोटे बदलाव आपकी सेहत में आ रही गिरावट के संकेत हो सकते हैं। कौन सा संकेत आपके किस अंग को प्रभावित कर रहा है। यह जाने से खबर को विस्तार से पढ़ें।
आपका चेहरा बिन बोले बहुत कुछ कह जाता है। अगर, अब सुबह की ताजगी उस पर नजर नहीं आती तो उस ओर ध्यान देना और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है। इस बाबत त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित बांगिया कहते हैं कि त्वचा, हमारे शरीर का सबसे बड़ा अंग है। यह वह दर्पण है जो हमारे भीतर चल रहे बदलावों और उठा-पटक को भी बयां करती है।
त्वचा में हो रहे बदलाव से जानें सेहत के राज

बकौल डॉ. अमित, अगर आपकी त्वचा में सुबह की ताजगी नहीं नजर आती। वह डल है। इसका सीधा मतलब है कि आपकी नींद नहीं पूरी हुई है। इसके पीछे ढेरों वजह हो सकती हैं। जैसे तनाव, अनिद्रा, डिप्रेशन, मानसिक समस्याएं, खून की कमी यानी एनीमिया वगैहरा। कई बार त्वचा पर नजर आने वाले लक्षण आपको गम्भीर बीमारियों के लिए अगाह भी कर रहे होते हैं। जानकारों की मानें तो कई मरीज जो त्वचा की समस्या के साथ आते हैं।
जांच के बाद मालूम चलता है कि वह गंभीर समस्या से दो चार हो रहे हैं। स्किन रैशेस, सूजन, त्वचा के रंग का बदलना सरीखे तमाम संकेत हैं जो आपको मधुमेह, थाइराइड, लीवर, हृदय रोग से जुड़ी समस्या होने के संकेत दे जाते हैं। यहां जरूरत हैं तो उन संकेतों को जानने, पहचानने और उसके लिए समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने की। ताकि आपकी समस्या को बढऩे से रोका जा सके।
मुंहासे हैं खतरे की घंटी

बार-बार मुंहासों का होना आम बात है पर किशोरावस्था में। बढ़ती उम्र में भी अगर आप इस समस्या से दो-चार होती रहती हैं तो जरा ध्यान दीजिए। यह बीमारी का संकेत हो सकता है। महिलाओं में ऐसी समस्या होना आम है। पीरियड्स, गर्भवस्था, मेनोपॉज के वक्त हार्मोन्स में बदलाव के चलते यह मुंहासे नजर आते हैं। पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम की वजह से भी यह समस्या हो सकती है। जो लोग ज्यादा कार्बोहाड्रेट का सेवन करते हैं। वह भी इस समस्या से दो चार हो सकते हैं।
पीला रंग कर सकता है परेशान
शरीर और आंखों पर पीले रंग की मौजूदगी आसानी से नजर आने लग जाती है। चेहरे पर पीलापन पीलिया का संकेत हो सकता है। यानी आपका लीवर खतरे में हो सकता है। यूं तो यह समस्या किसी को भी हो सकती है पर आमतौर पर बच्चों और बुर्जुगों में इसकी सम्भवना ज्यादा होती है। खून की कमी यानी एनीमिया के कारण भी आपके हाथ, आंखें वगैहरा पीले, डल से नजर आ सकते हैं।
नए तिल बढ़ा सकते हैं मुसीबत

आपके चेहरे का तिल आपकी खूबसूरती का बयां करता है। पर, क्या आपको अंदाजा है कि अचानक से नजर आने वाले तिल आपकी सेहत पर लग रहे बट्टे के सूचक हो सकते हैं? अगर नहीं, तो समझ लीजिए कि ऐसा मुमकिन है। यह तिल दर्द और खुजली का कारण भी बन सकते हैं जोकि आगे चलकर त्वचा के कैंसर तक में तब्दील हो सकते हैं। ऐसे में बेहतर होगा कि खुद में दिखने असमान्य लक्षणों को नजरअंदाज न करें। जरूर महसूस होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने से परहेज न करें।
रुखी त्वचा देती है डिहाड्रेशन का संकेत
सर्दियों में त्वचा का रूखा होना आम बात है पर, गर्मियों में है तो इस ओर गौर कीजिए। यह गंभीर समस्या का संकेत हो सकती है। आपके चेहरे और होठों का रूखापन आपके डिहाड्रेशन को बयां करता है। ऐसी स्थिति में ज्यादा प्यास लगना, सिरदर्द, चक्कर आना, मुंह सूखना, कभी-कभी ठंड लगना वगैहरा की समस्या भी हो सकती है। बकौल डॉ. बांगिया, पूरे दिन में कम से कम आठ गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। होठ फट रहे हैं तो यह थायराइड और डायबिटीज सरीखी बीमारियों भी होने की सम्भावना हो सकती है।
थक्के कर सकते हैं परेशान

पलकों पर ऊपर या नीचे या आसपास गहरे और अभरे पीले थक्के आपने देंखे होंगे। जिसे जैंथेलास्टेमा नाम से जाना जाता है। ये यूं ही नहीं हो जाते। कोलेस्ट्रॉल से बने ये थक्के आपके लिए अच्छी खबर नहीं है। अगर यह आपके या आपके किसी अपने के नजर आ रहे हैं तो जरा सावधान हो जाइए। खानपान में सुधार और चिकित्सकीय परामर्श जरूर ले लीजिए। यह थक्के आपके दिल की सेहत के लिए खासे नुकसान देह हो सकते हैं।
इनका भी रखें ध्यान
डॉ. अमित की मानें तो अपनी त्वचा पर चमक बनाएं रखने के लिए अपनी दिनचर्या पर काम कीजिए। कम से कम छह घंटे की नींद लें। आधे घंटे व्यायाम करें। यह भी आपकी अच्छी नींद लेने में मदद करेगा। संतुलित आहार लें। जिसमें नट, हरी सब्जियों, प्रोटीन, कम शक्कर, पर्याप्त तरल पदार्थ लें। अपने पास पानी की बोतल रखें और थोड़े अंतराल के बाद सिप-सिप करके पानी को पीती रहें। एक अच्छे नाइट स्किन केयर रूटीन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02











