अगले साल से दो बार होगी सीबीएसई बोर्ड परीक्षा, मिली मंजूरी, छात्र-छात्राओं के मन में उठ रहे सवाल

सीबीएसई की दो बोर्ड परीक्षा को मंजूरी मिल गई है। 2026 की कक्षा 10वीं में दो बोर्ड एग्जाम के नियम लागू हो जाएंगे। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों में मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। यह छात्र-छात्राओं के लिए लाभकारी होगा या नहीं, यह तो वक्त ही बताएगा।

प्रतीकात्मक फोटो

सीबीएसई की दो बोर्ड परीक्षा को मंजूरी मिल गई है। 2026 की कक्षा 10वीं में दो बोर्ड एग्जाम के नियम लागू हो जाएंगे। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों में मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। यह छात्र-छात्राओं के लिए लाभकारी होगा या नहीं, यह तो वक्त ही बताएगा।

पहली परीक्षा अनिवार्य, दूसरी ऑप्शनल

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) अगले साल यानी 2026 से साल में दो बोर्ड परीक्षा लेगा। इस बात पर मुहर लग गई है। अब तक ये ड्राफ्ट पॉलिसी थी। लेकिन अब कन्फर्म हो चुकी है। बुधवार, 25 जून को ही सीबीएसई एग्जाम कंट्रोलर संयम भारद्वाज ने इस बारे में जानकारी दी है। ये नियम फिलहाल सिर्फ दसवीं के एग्जाम पर लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए पहले फेज के एग्जाम में शामिल होना अनिवार्य होगा। जबकि दूसरे चरण की परीक्षा ऑप्शनल होगी।

कब-कब होगी परीक्षा?

सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन की आधिकारिक सूचना के अनुसार, सीबीएसई बोर्ड एग्जाम 2026 कक्षा 10 का पहला चरण फरवरी के महीने में होगा। जबकि दूसरा फेज मई में लिया जाएगा। स्टूडेंट्स के बोर्ड परीक्षा का स्ट्रेस कम करने और उन्हें अपने नंबर बेहतर करने का दूसरा मौका देने के लिए ये फैसला लिया गया है। ये बदलाव नई शिक्षा नीति 2020 के तहत किए गए हैं।

सीबीएसई दो बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट कब आएगा

सीबीएसई दसवीं में दो बार बोर्ड एग्जाम का समय बताने के साथ-साथ संयम भारद्वाज ने इनके रिजल्ट्स की भी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पहले चरण वाली परीक्षा के लिए सीबीएसई का रिजल्ट अप्रैल 2026 में आएगा। जबकि दूसरे चरण वाली परीक्षा के लिए परिणाम जून 2026 में जारी होगा।

दो बोर्ड परीक्षा का नियम

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक दो बोर्ड परीक्षा में क्लास 10 में स्टूडेंट्स तीन प्रमुख विषयों के मार्क्स बढ़ा सकेंगे। साइंस, मैथ्स, सोशल साइंस और भाषा विषयों में से कोई तीन। इंटरनल असेसमेंट्स साल में एक ही बार होंगे। विंटर बाउंड स्कूल्स के छात्र छात्राओं को ये छूट होगी कि वो दोनों में से कौन से फेज में परीक्षा देना चाहते हैं।

छात्र-छात्राओं के मन में उठ रहे सवाल

जिनकी सप्लीमेंट्री आएगी उनका क्या होगा?

पहली परीक्षा में शामिल होने के बाद जिन छात्रों की सप्लीमेंट्री आएगी, ऐसे छात्रों को कम्पार्टमेंट श्रेणी के तहत दूसरी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अतिरिक्त विषयों की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कितने विषयों की परीक्षा दोबारा दे सकते हैं?

सभी पास और पात्र छात्रों को विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से किसी भी तीन विषयों में अच्छा प्रदर्शन करने का अवसर दिया जाएगा।

दूसरी परीक्षा में किन छात्रों को मिलेगा मौका?

जो छात्र ज्यादा से ज्यादा तीन विषयों की दोबारा परीक्षा देना चाहते हैं या जिनके रिजल्ट में कंपार्टमेंट आई है, वही छात्र दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

किन्हें नहीं मिलेगा मौका?

अगर कोई छात्र पहले चरण की परीक्षा में 3 या उससे अधिक विषयों में शामिल नहीं हुआ है, तो उसे दूसरी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे छात्रों को “आवश्यक पुनरावृत्ति” श्रेणी में रखा जाएगा। ऐसे छात्र अगले वर्ष फरवरी में आयोजित होने वाली मुख्य परीक्षा में ही शामिल हो सकेंगे।

स्पोर्ट्स के छात्रों को कैसे मिलेगा इसका लाभ?

स्पोर्ट्स के छात्रों को उन विषयों की दूसरी परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी, जिनकी परीक्षाएं खेल आयोजन के साथ मेल खाएंगी। विंटर बाउंड स्कूलों के छात्र प्रस्तावित विषयों में पहली परीक्षा या दूसरी परीक्षा में बैठने का विकल्प चुन सकते हैं।