घरेलू नुस्खों से दूर कर सकती हैं आंखों की नीचे के काले घेरे, त्वचा के दाग-धब्बों से भी मिलेगा छुटकारा

आंखों के नीचे काले घेरे का आना आम है। इसके पीछे के कई सारे कारण हैं। कुछ तो हमारी लापरवाही का भी कारण है। आइए जानते हैं कौन से घरेलू उपाय अपना कर हम अपनी त्वचा की चमक को बरकरार रख सकते हैं और काले घेरों से निजात पा सकते हैं।

प्रतीकात्मक फोटो।

आंखों के नीचे काले घेरे का आना आम है। इसके पीछे के कई सारे कारण हैं। कुछ तो हमारी लापरवाही का भी कारण है। आइए जानते हैं कौन से घरेलू उपाय अपना कर हम अपनी त्वचा की चमक को बरकरार रख सकते हैं और काले घेरों से निजात पा सकते हैं।

अभी से आंखों के नीचे काले घेरे। नींद पूरी नहीं लेती क्या? आंखों के नीचे आते काले घेरे ऐसे सवालों और उनको लेकर आपकी चिंता दोनों को बढ़ा जाते हैं। दौड़ती भागती जिंदगी, तनाव, थकान जैसे ढेरों कारण हैं जिनके चलते आपकी त्वचा पिंगमेंटेशन का दंश झेलती है। यहां यह भी जरूरी है कि आप उसके कारण को समझें और निवारण पर काम करें।

क्या है पिग्मेंटेशन

सबसे पहले यह जानने की जरूरत है कि आखिर पिग्मेंटेशन होता कैसे है? ब्यूटी एक्सपर्ट श्वेता कपूर बताती हैं कि यह समस्या थकान, तनाव, असंतुलित खानपान वगैहरा से हो सकती है। आमतौर पर यह मेलेनिन के उत्पादन में बढ़ोत्तरी के चलते होती है। जिसके चलते आपकी त्वचा पर डार्क स्पॉट और धब्बे नजर आने लग जाते हैं।

सूरज की तेज रोशनी भी इसका कारण हो सकती है। सूरज की तेज रोशनी या यूवी रेस के सम्पर्क में आने के चलते त्वचा खुद की इफाजत के लिए अतिरिक्त मेलेनिन का उत्पादन शुरू कर देती है। नतीजा, पिग्मेंटेशन। इसके अतिरिक्त आपकी मेडिकल कंडीशन, हार्मोन्स का असंतुलन या फिर आपके जिंस भी इसका कारण हो सकते हैं।

घरेलू नुस्खे आएंगे काम

हमारी कई समस्याओं का समाधान हमारी दादियों-नानियों के संदूक में छिपा होता है। जिसमें कुछ घरेलू चीजों का प्रयोग कर त्वचा को दाग घब्बों से एकदम दूर रखा जा सकता है। कुछ इस प्रकार हैं।

सिरका में एंटी बैक्टीरियल और एंटी फंगल खूबियां

सिरका में एंटी बैक्टीरियल और एंटी फंगल खूबियां होती हैं। इतना ही नहीं इसमें मैकिल एसिड भी होता है जोकि मेलेनिन के उत्पादन को कम करने का काम करता है। नतीजा, यह हमारे चेहरे को बेदाग रखने में काफी हदतक सहायक हो सकता है। इतने पर ही बस नहीं होता यह सिरका त्वचा एक्सफोलिएट भी कर देता है। इससे त्वचा के रंग में निखार आता है।
खूबियों के बाद बारी आती है कि इसे प्रयोग कैसे करें? इसके लिए आपको दो टेबल स्पून सिरका, एक टेबल स्पून बेसन और एक टेबल स्पून शहद की चाहिए होगा। इन्हें अच्छे से मिलाइए और आंखों के नीचे समस्या वाली जगह पर लगाकर दस मिनट तक रहने दें। उसे साफ करते वक्त हल्के हाथों से दो मिनट तक मसाज कीजिए और पैक को धो दीजिए।

सन डैमज को कम करने में सहायक है मुलेठी

मुलेठी में एंटी-इंप्लेमेटरी, एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-एजिंग खूबियां मौजूद हैं। जोकि उम्र की लकीरों को कम करने के साथ ही पिंगमेंटशन और सन डैमज को कम करने में भी सहायक होती हैं। इसका इस्तेमाल मुहांसों की समस्या को भी दूर करता है। साथ ही रंगत में भी निखार आता है।

इसको प्रयोग करना भी खासा आसान है। मुलेठी, हल्दी पाउडर का गुलाब जल की मदद से एक पैक बना लीजिए। इस पैक में आप चंदन पाउडर का भी प्रयोग कर सकती हैं। यह भी पिग्मेंटेशन को कम करने में मददगार होता है। इसे दस मिनटों तक समस्या की जगह पर छोडक़र फिर साफ कर देना होता है।

टी बैग के इस्तेमाल से कम होगी सूजन

चाय की चुस्की लेने के साथ ही आप इसका प्रयोग काले घेरों को दूर भगाने के लिए भी कर सकती हैं। इसके प्रयोग से आंखों के नीचे की सूजन में कमी आती है। इसमें मौजूद फ्लेवोनोइड त्वचा की फ्लेक्सिबिलिटी और काले घेरों को कम करने में मदद करता है। यह यूवी रेस के कारण होने वाले त्वचा के नुकसान को भी दुरुस्त करने में मददगार होती है। ठंडे टी बैग्स को अपनी आंखों पर रखकर छोड़ दीजिए।

डेड स्किन को हटाने में सहायक है आलू

आप रसोई की टोकरी में रखें आलू की मदद से भी अपने डार्क सर्कल को कम कर सकती हैं। इसके लिए आपको ज्यादा कुछ करने की भी जरूर नहीं पड़ेगी। बकौल, श्वेता आलू के पतली स्लाइस पर कुछ बूंदे गुलाब जल की डालकर आंखों पर रखने से काफी राहत मिलती हैं। इसमें मौजूद एंजाइम और विटामिन-सी त्वचा की रंगत में सुधार करते हैं। और अम्लीय गुण डेड स्किन को हटाने में सहायक होते हैं।

पपीते और एलोवेरा का बनाइए पैक

त्वचा की समस्या की बात हो रही हो और पपीते का जिक्र न हो भला ऐसा कैसे हो सकता है। त्वचा को एक्सफोलिएट करने वाले पपीते का एलोवेरा जेल के साथ पैक तैयार कर लीजिए। 15 से 20 मिनट रखने के बाद धो लीजिए। विटामिन-ए,सी से भरपूर पपीता आपकी त्वचा को टोन करने के साथ ही मॉइश्चराइज भी कर देगा।

समस्या से बचने के लिए यह बातें रखें ध्यान

  1. सन डैमज आपकी ढेरों समस्याओं का कारण होता है। लिहाजा, त्वचा पर एसपीएफ 30 के सन्सक्रीम का प्रयोग जरूर करें।
  2. त्वचा को हाइड्रेट रखने के लिए भरपूर मात्रा में पानी पिएं। और स्किन केयर में माश्चराइजिंग को महत्व दें।
  3. हल्के हाथों से बादाम तेल से आंखों के आस-पास मसाज कीजिए।
  4. पिग्मेंटेशन को ठीक रखने के विटामिन-सी या रेटिनॉल बेस क्रीम का प्रयोग करें।
  5. एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर संतुलित आहार लें।

सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02