प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी बागपत की युवती, अपनों ने ही गला घोंट की हत्या और जला दिया शव

उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के लुहारी गांव में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां पर युवती का पड़ोसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों के मना करने पर भी वह शादी की जिद पर अड़ी थी। पुलिस ने युवती की मां और पिता को गिरफ्तार किया है।

शिवानी की फाइल फोटो।

उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के लुहारी गांव में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां पर युवती का पड़ोसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों के मना करने पर भी वह शादी की जिद पर अड़ी थी। पुलिस ने युवती की मां और पिता को गिरफ्तार किया है।

यमुना किनारे जलाया शव और बहा दी राख

बड़ौत के लुहारी गांव में पड़ोस में रहने वाले प्रेमी अंकित से शादी की जिद पर अड़ी शिवानी (21) की मां-बाप, भाई व फुफेरी बहन ने गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद रात में यमुना किनारे ले जाकर शव जला दिया और अस्थियां व राख यमुना में विसर्जित कर दी। बुधवार की सुबह प्रेमी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पिता संजीव व मां बबीता को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया।

डेढ़ साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

लुहारी गांव निवासी अंकित प्रजापति ने बताया कि पड़ोस की शिवानी कश्यप के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों पिछले डेढ़ साल से शादी करना चाहते थे। कुछ दिन पहले शिवानी के परिजनों को उनके प्रेम प्रसंग के बारे में पता चल गया तो उन्होंने उसका घर से निकलना बंद कर दिया। वह उसकी पिटाई करने लगे, लेकिन शिवानी शादी की जिद पर अड़ी रही।

प्रेमी की सूचना पर पुलिस ने की जांच

मंगलवार रात परिवार वालों ने घर में शिवानी की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके शव को रात में यमुना किनारे ले जाकर जला दिया और अस्थियां व राख यमुना में बहा दी। बुधवार की सुबह शिवानी का मोबाइल फोन बंद मिलने पर अंकित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने गांव जाकर जांच पड़ताल की तो शिवानी की हत्या होने की पुष्टि हो गई।

पुलिस के सामने मां-बाप ने उगला हत्या का राज

पुलिस ने मृतका के पिता संजीव उर्फ संजू और मां बबीता से पूछताछ की तो उन्होंने हत्या कर शव जलाने की जानकारी दी। इसमें शिवानी के प्रेमी अंकित ने मृतका के पिता संजीव उर्फ संजू, मां बबीता, भाई रवि, बुआ की बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

अलग-अलग जाति के थे प्रेमी युगल

बताया गया कि मृतका और उसका प्रेमी दोनों की जाति अलग-अलग है और उनके घरों के बीच में दो ही मकान का फासला है। शिवानी दसवीं तक पढ़ाई कर चुकी है और अंकित मजदूरी करता है। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि मृतका के पिता और मां को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।