
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर समेत कई जिलों में गुरुवार को बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में लखनऊ समेत 40 से अधिक जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 30 जून तक प्रदेशभर में अच्छी वर्षा होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।
चार-पांच दिन देरी से आया मानसून
उत्तर प्रदेश में मानसून ने सामान्य समय से चार-पांच दिन देरी से दस्तक दी है। सामान्य तौर पर राज्य में मानसून का आगमन 13 जून को होता है। मानसून की दस्तक के साथ बुधवार को सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में अब मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा और अगले दो से तीन दिन में लखनऊ सहित 40 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
30 जून तक प्रदेशभर में अच्छी बारिश
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में जो परिस्थितियां बन रही हैं उसके मुताबिक गुरुवार से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में वर्षा में वृद्धि होगी। अगले चार दिन 40 से अधिक जिलों में बूंदाबांदी से लेकर भारी बारिश की संभावना है। 30 जून तक प्रदेशभर में अच्छी बारिश होगी। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया है।
40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी हवा
40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब पांच से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक से वर्षा में व्यापक वृद्धि की संभावना है। लखनऊ में बुधवार को दिन का पारा 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी कमी देखी गई, जो 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार दूसरे दिन प्रदेश के करीब सभी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा।
19 जून से यूपी में मानसून की एंट्री
यूपी में 19 जून से मानसून की एंट्री हो जाएगी। इसके बाद 22 जून तक प्रदेश के दोनों संभागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का भी अनुमान है. आंधी-पानी की वजह से तापमान में भी अच्छी-खासी गिरावट आई है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस पारा कम हो सकता है। मंगलवार को उरई में सबसे अधिक तापमान 42.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं बांदा, प्रयागराज, वाराणसी और गाजीपुर सबसे गर्म जिले रहे।
इन जिलों में आज बारिश की संभावना
यूपी में आज शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, संभल, बदायूं, कासगंज, एटा, हाथरस, अलीगढ़ और मथुरा में एक या दो जगहों पर आज बारिश हो सकती है, जबकि सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, कानपुर, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली और अमेठी में कुछ स्थानों पर आज बारिश होगी.











