ढाई घंटे में ही टूटा ईरान-इजराइल का सीजफायर, पहले ईरान तो बाद में इजराइल ने गिराए बम

इजराइल-ईरान में चल रही जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार सुबह सीजफायर का ऐलान किया। हालांकि यह कुछ घंटों में ही टूट गया। सीजफायर शुरू होने के करीब ढाई घंटे बाद ईरान ने इजराइल पर 6 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। एक मिसाइल बीर्शेबा शहर में इमारत पर गिरी। इससे 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा घायल हैं।

ईरान-इजराइल हमले के बीच ईरान में बम गिरने के बाद उठता धुंआ। सोशल मीडिया

इजराइल-ईरान में चल रही जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार सुबह सीजफायर का ऐलान किया। हालांकि यह कुछ घंटों में ही टूट गया। सीजफायर शुरू होने के करीब ढाई घंटे बाद ईरान ने इजराइल पर 6 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। एक मिसाइल बीर्शेबा शहर में इमारत पर गिरी। इससे 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा घायल हैं।

इजराइली आर्मी रेडियो ने हमले की पुष्टि की

ईरानी हमले के जवाब में इजराइल ने अपनी सेना को तेहरान में हमले का आदेश दिया था। थोड़ी देर पहले इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान में एक रडार साइट पर हमला किया। इजराइली आर्मी रेडियो ने हमले की पुष्टि की है। हमले के बाद ट्रम्प ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन करके ईरान पर हमला रोकने को कहा था। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक नेतन्याहू ने ट्रम्प से कहा, ‘मैं हमला नहीं रोक सकता, क्योंकि ईरान ने पहले सीजफायर का उल्लंघन किया है।

ईरानी राष्ट्रपति ने जंग के खात्मे का किया ऐलान

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने देश के नाम संबोधन में कहा कि इजराइल के साथ 12 दिन की जंग का अंत हो गया है। उन्होंने कहा- हमारे देश ने दृढ़ संकल्प के साथ मजबूती से दुश्मन को टक्कर दी। यह इतिहास बन गया है। आज हम एक संघर्ष विराम और 12 दिन के युद्ध के अंत के गवाह बन रहे हैं।

इजराइल बोला- हमने बड़ी कामयाबी हासिल की

इजराइल सेना के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने ईरान के साथ संघर्ष विराम के बाद कहा कि हमने बड़ी कामयाबी हासिल की है, लेकिन हमें सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा- ईरान के खिलाफ ऑपरेशन खत्म नहीं हुआ है। हम एक नए दौर में एंट्री कर रहे हैं, जो मौजूदा ऑपरेशन की कामयाबी से जुड़ा है। हमने ईरान के न्यूक्लियर और मिसाइल प्रोग्राम को कई साल पीछे धकेल दिया। अब हमारा फोकस फिर से गाजा में बंधकों की रिहाई और हमास की हुकूमत खत्म करने पर है।

चीन बोला- वास्तविक सीजफायर लागू हो

चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा है कि उनका देश ईरान में वास्तविक संघर्ष विराम का समर्थन करता है। वांग यी ने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत की। उन्होंने कहा- चीन, ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है, ताकि एक वास्तविक संघर्ष विराम लागू हो और लोग सामान्य जीवन जी सकें। चीन के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, वांग ने ईरान के एटमी ठिकानों पर अमेरिकी हमलों की निंदा करते हुए कहा कि ये अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।

हमले में 18 साल के इजराइली सैनिक की मौत

इजराइल की सेना ने बताया कि ईरान के मिसाइल हमले में 18 साल के सैनिक ईतान जैक्स की मौत हो गई। ईतान बीर्शेबा शहर के रहने वाले थे। यह हमला दक्षिणी इजराइल के बीर्शेबा में हुआ, इस हमले में कम से कम 5 इजराइली नागरिकों की भी जान गई। 13 जून को शुरू हुए इस संघर्ष में ईरान के हमलों से अब तक करीब 28 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इजराइल के हमलों में ईरान में कम से कम 610 आम नागरिक मारे गए हैं और 4,700 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

अमेरिका की जबरदस्ती नहीं चलेगी, कतर से माफी मांगी

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा है कि इजराइल और अमेरिका जबरदस्ती अपनी इच्छाएं नहीं थोप सकते। यह बात उन्होंने UAE के राष्ट्रपति के साथ फोन वार्ता के दौरान कही। पेजेशकियन ने कहा- ईरान को अपनी रक्षा के लिए इस सैन्य संघर्ष में उतरना पड़ा। मैं उम्मीद करता हूं कि हमें फिर कभी लड़ाई न करनी पड़े। उन्होंने अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमले के एक दिन बाद कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी को फोन कर माफी मांगी। वहीं, कतर के अमीर शेख तमीम ने हमले की आलोचना दोहराई और इसे अपनी संप्रभुता और एयरस्पेस के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन माना।

जंग में ईरान के 14 वैज्ञानिक मारे गए

न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के साथ एक इंटरव्यू में फ्रांस में इजराइल के राजदूत ने कहा कि इजरायली हमलों में कम से कम 14 ईरानी वैज्ञानिकों की मौत हो गई है। इजराइल ने आरोप लगाया कि मरने वाले वैज्ञानिक परमाणु हथियार तैयार करने में शामिल थे। वहीं ईरान के सरकारी टीवी ने बताया है कि मंगलवार सुबह इजराइली हमले में एक हाई प्रोफाइल ईरानी न्यूक्लियर साइंटिस्ट मोहम्मद रजा सेदिघी सबर की मौत हो गई है। वह मंगलवार सुबह अपने ससुराल में मारे गए। उनके घर पर तीन प्रोजेक्टाइल गिरे थे। 13 जून को इजराइल के शुरुआती हमलों में उनके 17 साल के बेटे की भी मौत हो गई थी।