
मंगलवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में कुदरत के कहर ने भारी तबाही मचाई है। हर्षिल के पास धराली गांव में दोपहर करीब 1:45 बजे बादल फटने से आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन ने क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस आपदा में भारतीय सेना के 9 जवानों के लापता होने की खबर है। हालांकि, दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
सेना का शिविर भी प्रभावित
बादल फटने की घटना धराली गांव के पास हुई, जो हर्षिल में भारतीय सेना के शिविर से मात्र 4 किलोमीटर दूर है। इस आपदा से सेना का शिविर भी प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद, भारतीय सेना के जवान बचाव और राहत कार्यों में पूरी लगन और दृढ़ संकल्प के साथ जुटे हुए हैं। वहीं लापता 9 जवानों की तलाश जारी है।
धराली में भयावह मंजर
स्थानीय लोगों के अनुसार, धराली, जो गंगोत्री जाने वाले रास्ते का एक मुख्य पड़ाव है, पूरी तरह से तबाह हो गया है। खीर गंगा नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बादल फटने से नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे कई होटल, रेस्टोरेंट और होमस्टे बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह सब कुछ ही मिनटों में हुआ।

राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी
इस आपदा की जानकारी मिलते ही, भारतीय सेना ने 150 कर्मियों को बचाव कार्यों के लिए मौके पर भेजा। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित टीमें भी युद्ध स्तर पर बचाव और राहत कार्यों में लगी हुई हैं। खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के कारण बचाव कार्यों में बाधा आ रही है। हेलीकॉप्टरों का उपयोग भी संभव नहीं हो पा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने दुख जताया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना को “अत्यंत दुखद और पीड़ादायक” बताया है। उन्होंने कहा कि सभी टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने प्रभावित नागरिकों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
आपदा में फंसे लोगों और उनके परिजनों की सहायता के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
- जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार: 01374-222722, 7310913129, 7500737269
- टोल-फ्री नंबर – 1077, ईआरएसएस टोल-फ्री नंबर – 112
- राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून: 0135-2710334, 2710335, 8218867005, 9058441404
- टोल-फ्री नंबर – 1070, ईआरएसएस टोल-फ्री नंबर – 112
यह भी पढ़े:
उत्तराखंड में फटा बादल, आई तबाही, 4 की मौत, कई घर और होटल हुए तबाह
उत्तराखंड के उत्तरकाशी समेत छह जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट, दो दिन बाद राहत के आसार
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02











