
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान ने परमाणु कार्यक्रम शुरू किया तो अमेरिका फिर से हमला करेगा। वह ईरान में सत्ता परिवर्तन नहीं चाहते हैं। जबकि ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों के बाद उन्होंने ईरान सरकार को उखाड़ फेंकने का समर्थन किया था। लगातार उनके बयान बदलने से दुनिया भर में अनिश्चितता का माहौल है।
पश्चिम एशिया में अनिश्चितता का माहौल
अमेरिका के द्वारा ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर का ऐलान किए जाने के बाद भी पश्चिम एशिया में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। बताना होगा कि दोनों देशों के बीच 12 दिनों तक जमकर संघर्ष चला। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिकी हमलों ने उसके परमाणु कार्यक्रम को केवल कुछ महीनों के लिए पीछे कर दिया है।
युद्ध रोकना उनके लिए सम्मान की बात : ट्रंप
अमेरिकी मीडिया ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि ईरान के सेंट्रीफ्यूज या संवर्धित यूरेनियम के भंडार पूरी तरह नष्ट नहीं हुए हैं। दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान की सभी न्यूक्लियर फैसिलिटीज को खत्म कर युद्ध रोकना उनके लिए सम्मान की बात है। ट्रंप ने सीजफायर के बाद ईरान और इजरायल दोनों की तरफ से चलाई गई मिसाइलों पर नाराजगी जाहिर की थी। हेग में नाटो शिखर सम्मेलन के लिए रवाना होने से पहले ट्रंप ने लगातार हमलों को लेकर निराशा व्यक्त की। ट्रंप ने कहा कि मैं इजरायल से खुश नहीं हूं।
ट्रंप ने तड़के किया था सीजफायर का ऐलान
मंगलवार सुबह डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर का दावा किया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर पोस्ट कर लिखा, ‘सभी को बधाई! इस बात पर इजरायल और ईरान के बीच पूरी तरह से सहमति बन गई है कि 12 घंटों के लिए पूर्ण और संपूर्ण युद्ध विराम होगा (अब से लगभग 6 घंटों में, जब इजरायल और ईरान अपने चल रहे अंतिम मिशनों को समाप्त कर लेंगे!), जिस बिंदु पर युद्ध को समाप्त माना जाएगा।’
ईरान-इजरायल में 12 दिनों तक चला घमासान युद्ध
ईरान में 12 दिनों तक इजरायल के खिलाफ जमकर बैलिस्टिक मिसाइलों की बारिश की। इस दौरान ईरान ने अपने सबसे एडवांस खुर्रमशहर-4 बैलिस्टिक मिसाइल का भी इस्तेमाल किया, जिसे रोकने में इजरायल नाकाम रहा था। इजरायल के 12 दिनों के हमलों में ईरान में भयानक तबाही मची है। ईरान ने मीडिया पर रोक लगा दी थी, इसलिए ज्यादा तस्वीरें नहीं आ पाईं।











