
Raksha Bandhan 2025: रक्षाबंधन के अवसर पर उप्र की योगी सरकार ने बहनों को दो दिन मुफ्त यात्रा का तोहफा दिया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने प्रदेश भर में विशेष बस सेवाएं शुरू की हैं। बहनें आठ अगस्त की सुबह छह बजे से 10 अगस्त की मध्यरात्रि तक रोडवेज और इलेक्ट्रिक बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
Raksha Bandhan 2025: इस वर्ष रक्षाबंधन नौ अगस्त 2025 को मनाया जाएगा। इस अवसर पर भाइयों के घर राखी बांधने जाने वाली बहनों को रोडवेज और इलेक्ट्रिक बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए परिवहन निगम ने सात अगस्त से 12 अगस्त 2025 तक अतिरिक्त बस सेवाओं का संचालन करने की योजना बनाई है, जिसमें विभिन्न रूटों पर कुल 148 अतिरिक्त फेरे शामिल हैं।
प्रयागराज-कानपुर मार्ग पर 24 अतिरिक्त फेरे
परिवहन निगम ने प्रयागराज से लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, मीरजापुर और बांदा जैसे प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन करने का निर्णय लिया है। प्रयागराज-लखनऊ मार्ग पर 34 अतिरिक्त फेरे, प्रयागराज-कानपुर मार्ग पर 24, प्रयागराज-अयोध्या मार्ग पर 20, प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर 24, प्रयागराज-जौनपुर-गोरखपुर मार्ग पर 26, प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग पर 10 और प्रयागराज-बांदा मार्ग पर 10 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे।

आठ प्रमुख रूटों पर हर 30 मिनट में एक बस
इसके अलावा, आठ प्रमुख रूटों पर प्रत्येक 30 मिनट में एक रोडवेज बस उपलब्ध होगी। लखनऊ और कानपुर रूट की बसें सिविल लाइन बस स्टेशन से, जबकि मीरजापुर रूट की बसें जीरो रोड बस स्टेशन से संचालित होंगी। साथ ही, चालकों, परिचालकों और कार्यशाला कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है ताकि सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो।
पूरे उत्तर प्रदेश में बहनों को निशुल्क यात्रा मिलेगी
महिलाओं के लिए विशेष सुविधा के तहत आठ अगस्त 2025 की सुबह 06:00 बजे से 10 अगस्त 2025 की मध्यरात्रि 12:00 बजे तक रोडवेज की सभी बसों में निश्शुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, प्रयागराज महानगर में संचालित 24 इलेक्ट्रिक बसों में भी बहनें बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा पूरे उत्तर प्रदेश में लागू होगी, जिससे बहनें अपने भाइयों के पास आसानी से पहुंच सकेंगी।
चालक-परिचालक को 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि
रोडवेज के प्रयागराज के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि परिवहन निगम ने इस दौरान सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए चालकों, परिचालकों और कार्यशाला कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना भी लागू की है। इसके तहत, जो चालक और परिचालक (संविदा कर्मचारी सहित) सात से 12 अगस्त की अवधि में कम से कम छह दिन उपस्थित रहकर 1800 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे, उन्हें 1200 रुपये का एकमुश्त प्रोत्साहन दिया जाएगा।

क्षेत्रीय कार्यशाला के कर्मचारियों को 500 रुपये
इसके अलावा, संविदा चालकों और परिचालकों को 1800 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर अतिरिक्त 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जाएगा। डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला के कर्मचारियों को, जो इस अवधि में छह दिन उपस्थित रहेंगे, 500 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। हालांकि, यह प्रोत्साहन केवल तभी देय होगा, जब बसों का लोड फैक्टर 64 प्रतिशत से अधिक होगा।
यह भी पढ़ें: ग्रीनपार्क के सामने 150 करोड़ कीमत की जमीन हथियाने में फंसा कानपुर अधिवक्ता, भाई के नाम कराया फर्जी पट्टा
भीड़ में भी नहीं होगी बहनों को दिक्कत
इस योजना का उद्देश्य रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक परिवहन सेवा प्रदान करना है। परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि यह व्यवस्था यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखकर की गई है, ताकि बहनें अपने गंतव्य तक सुरक्षित और समय पर पहुंच सकें। इस पहल से न केवल यात्रियों को लाभ होगा, बल्कि परिवहन निगम के कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02











