टेस्ट मैच के पहले दिन बैकफुट पर श्रीलंका, शांतो और रहीम के बांग्लादेश को दी मजबूत शुरूआत

बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हसन शांतो और मुश्फीकुर रहीम की पारियों ने स्टेडियम में समां बांध दिया। पहले टेस्ट मैच के पहले दिन दोनों ही बल्लेबाजों ने शतकों के साथ श्रीलंका का परेशानी में डाल दिया। बांग्लादेश को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के साथ रहीम ने कुछ रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं।

गॉल टेस्ट मैच : बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हसन शांतो और मुश्फीकुर रहीम की पारियों ने स्टेडियम में समां बांध दिया। पहले टेस्ट मैच के पहले दिन दोनों ही बल्लेबाजों ने शतकों के साथ श्रीलंका का परेशानी में डाल दिया। बांग्लादेश को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के साथ रहीम ने कुछ रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं।

कप्तान नजमुल हसन शांतो और अनुभवी बल्लेबाज मुश्फीकुर रहीम के शतकों के दम पर बांग्लादेश ने गॉल में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन खराब शुरुआत के बाद अपने आप को संभाल लिया है। मंगलवार का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने तीन विकेट खोकर 292 रन बना लिए हैं। शांतो 136 और रहीम 105 रन बनाकर नाबाद हैं।

बांग्लादेश ने पहले सेशन में खोए तीन विकेट

बांग्लादेश ने अपने तीन विकेट पहले सेशन में खोए, लेकिन इसके बाद शांतो और रहीम ने जो साझेदारी की उसने बांग्लादेश को मजबूत कर दिया और श्रीलंका के हौसले पस्त कर दिए। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच अभी तक चौथे विकेट के लिए 247 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

पहले सेशन के बाद कमजोर श्रीलंका

श्रीलंका ने पहले सेशन में तीन विकेट लिए और 90 रन लुटाए। लेकिन इसके बाद अगले दो सेशन में वह विकेटों के लिए तरसती रही। दूसरे सेशन में बांग्लादेश ने 92 रन बनाए और तीसरे सेशन में 110 रन। बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर अनामुल हक बिना खाता खोले आउट हो गए थे। इसके बाद शादमान इस्लाम 14 रन बनाकर मिलान रत्नानायके का शिकार हो गए। रत्नानायके ने मोमिनुल हक को अपना दूसरा शिकार बना बांग्लादेश को तीसरा झटका दिया। यहां से फिर श्रीलंकाई गेंदबाज विकेटों के लिए तरसते रहे।

रहीम की ऐतिहासिक पारी

शांतो ने पहले शतक पूरा किया जो उनका टेस्ट में छठा शतक है। उन्होंने अपनी पारी में अभी तक 260 गेंदों का सामना किया है जिसमें 14 चौके और एक छक्का मारा है। वहीं रहीम ने 186 गेंदों का सामना कर पांच चौके मारे है। रहीम ने सीनियर बल्लेबाज होने के नाते समझ दिखाई और बिना किसी जोखिम उठाए अपने कप्तान का साथ देते रहे। इस दौरान उनके बल्ले से रिकॉर्ड भी निकले। रहीम अपने घर से बाहर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बांग्लादेशी बल्लेबाजो की लिस्ट में अब दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उनके 5012 रन हो गए हैं। उनसे आगे तमीम इकबाल ही हैं जिन्होंने 6072 रन बनाए हैं।

श्रीलंका में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बांग्लादेशी रहीम

इसके अलावा रहीम श्रीलंका में बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने 15 पारियों में अभी तक श्रीलंका में कुल 755 रन बनाए हैं। उन्होंने पू्र्व कप्तान मोहम्मद अशरफुल को पीछे छोड़ा है जिन्होंने 18 पारियों में 751 रन बनाए हैं।