रोमांचक मुकाबले में आस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में पहुंचा भारत, जेमिमा ने लिखी जीत की इबारत

IND W vs AUS W ODI World Cup 2025 Semifinal: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप मुकाबले में एक बार फिर शानदार जीत दर्ज की है। आस्ट्रेलिया को हराकर उसने फाइनल में जगह बनाई। जेमिमा रॉड्रिग्ज ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर जीत के मुकाम तक पहुंचाया।

महिला विश्व कप मुकाबले के सेमीफाइनल में भारत ने आस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया। सोशल मीडिया।

IND W vs AUS W ODI World Cup 2025 Semifinal: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप मुकाबले में एक बार फिर शानदार जीत दर्ज की है। आस्ट्रेलिया को हराकर उसने फाइनल में जगह बनाई। जेमिमा रॉड्रिग्ज ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर जीत के मुकाम तक पहुंचाया।

IND W vs AUS W ODI World Cup 2025 Semifinal: जेमिमा रॉड्रिग्ज और हरमनप्रीत कौर की शानदार साझेदारी के दम पर भारत आईसीसी महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंच गया है। भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया और खिताबी मुकाबले में प्रवेश करने में सफल रहीं।

जीत की खुशी में छलक आईं जेमिमा रॉड्रिग्ज की आंखें

भारत ने जैसे ही जीत का चौका लगाया मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली जेमिमा रॉड्रिग्ज भावुक हो गईं। ऑस्ट्रेलिया की टीम इस टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई थी, लेकिन भारतीय टीम ने एलीस हीली की टीम का विजयी अभियान रोक दिया। भारत का अब रविवार को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से सामना होगा जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया था।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी कर बनाए 338 रन

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर 338 रन बनाए थे। जवाब में भारत के लिए जेमिमा ने शतक लगाया और कप्तान हरमनप्रीत के साथ तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी की जिससे भारत ने 48.3 ओवर में पांच विकेट पर 341 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।

तीसरी बार फाइनल में पहुंची भारतीय टीम

भारतीय टीम तीसरी बार वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। टीम इससे पहले 2005 और 2017 में भी खिताबी मैच में पहुंची थी। भारत ने अब तक कभी विश्व कप की ट्रॉफी नहीं जीती है और अब उसके पास खिताबी सूखा समाप्त करने का अच्छा मौका है।

127 रन बनाकर नाबाद रहीं जेमिमा

भारत के लिए जेमिमा 134 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 127 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि हरमनप्रीत ने 88 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से किम गार्थ और एनाबल सदरलैंड को दो-दो विकेट मिले।

ऑस्ट्रेलिया की फोएबे लिचफील्ड ने भी लगाया शतक

ऑस्ट्रेलिया ने फोएबे लिचफील्ड के शतक और एलिस पैरी तथा एश्ले गार्डनर के अर्धशतकों की मदद से भारत के सामने 339 रनों का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और उसकी पूरी टीम 49.5 ओवर में 338 रन पर ऑलआउट हो गई। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए लिचफील्ड ने शानदार बल्लेबाजी की और शतक लगाया। लिचफील्ड और पैरी के बीच दूसरे विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी हुई।

अमनजोत ने लिचफील्ड को किया आउट

लिचफील्ड और पैरी जब तक क्रीज पर थे लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 350 से अधिक जाएगा, लेकिन अमनजोत ने लिचफील्ड को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। लिचफील्ड 119 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद पैरी ने मोर्चा संभाला, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को श्री चरणी ने बेथ मूनी (24) और एनाबेल सदरलैंड (3) के रूप में दो झटके दिए। इसके बाद राधा यादव ने पैरी की पारी का अंत किया जो 77 रन बनाकर आउट हुईं।

यह भी पढ़े :

गार्डनर 63 रन बनाकर रन आउट

ताहिला मैक्ग्रा इस मैच में कुछ खास नहीं कर सकीं और 12 रन बनाकर रन आउट हो गईं। लेकिन एश्ले गार्डनर ने अंत में तेज तर्रार पारी खेली जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 के पार पहुंचा। गार्डनर 63 रन बनाकर रन आउट हो गईं। दीप्ति शर्मा ने फिर आखिरी ओवर में अलाना किंग (4) और सोफी मोलिन्यूक्स को खाता खोले बिना आउट किया।

श्री चरण और दीप्ति शर्मा को दो-दो विकेट मिले

दीप्ति हैट्रिक पूरी नहीं कर सकीं, लेकिन किम गार्थ (17) रन आउट हो गईं जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल सकी। भारत के लिए श्री चरण और दीप्ति शर्मा को दो-दो विकेट मिले, जबकि अमनजोत कौर, क्रांति गौड़ और राधा यादव को एक-एक विकेट मिला।

सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02