
Bihar News: बिहार के सीवान में चुनाव से पहले एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है। यहां दारौंदा थाना क्षेत्र में एएसआई अनिरुद्ध कुमार की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव सिरसांव नया टोला और सादपुर गांव के बीच खेत में मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
Bihar News: सिवान जिले के दारौंदा थाना क्षेत्र के सिरसांव नया टोला और सादपुर गांव के बीच बुधवार की रात थाने में पदस्थापित एएसआई अनिरुद्ध कुमार की हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि उनकी हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। शव रहर के खेत में बरामद हुआ, जो थाने से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के राजपार थाना क्षेत्र के कुंनवार गांव निवासी अनंत पासवान के पुत्र अनिरुद्ध कुमार (46 वर्ष) के रूप में हुई है।
करीब डेढ़ वर्ष से दारौंदा थाने में थे तैनात
वे पिछले करीब डेढ़ वर्ष से दारौंदा थाने में पदस्थापित थे। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी मनोज कुमार तिवारी, एसडीपीओ अमन सहित दारौंदा और महाराजगंज थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस ने घटना के सिलसिले में एक आर्केस्ट्रा संचालक के ठिकाने पर छापेमारी की है और वहां से तीन-चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
एसपी बोले- आपसी विवाद का मामला
इस बीच, शव घटनास्थल पर मौजूद है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि घटना आपसी विवाद के कारण हुई है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि एएसआइ का संबंध आर्केस्ट्रा में नृत्य करने वाली एक महिला से था, इसी को लेकर हत्या की गई है।
यह भी पढ़े :
- दुल्हन के जोड़े में दिखीं परदेस गर्ल महिमा, संजय मिश्रा के पास शादी की चर्चा! जानें सच
- बिहार चुनाव में राहुल-प्रियंका गांधी की होंगी 15 रैलियां, छपरा में पीएम मोदी की सभा आज
- दिल्ली में पकड़ा गया हाइड्रोफोनिक मारिजुआना, कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश
पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल
घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक एएसआई सिविल ड्रेस में थे और उनके शव की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम बसांव नवका टोला पहुंची। शव की पहचान अनिरुद्ध कुमार के रूप में की गई है। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02











