संघर्ष विराम के लिए जिनेवा में हुई बातचीत बेनतीजा, अमेरिकी ने ईरान में 14 बंकर-बस्टर बम गिराए

ईरान और इजरायल के तनाव को 10 दिन पूरे हो चुके हैं। यह संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। संघर्ष विराम के लिए स्विट्जरलैंड के जिनेवा में ईरान और यूरोपीय देशों के बीच हुई बातचीत भी बेनतीजा रही। वहीं इस्राइल ने कहा है कि वह लंबे सैन्य अभियान के लिए तैयार है। अमेरिका भी खुलकर युद्ध में कूद गया है। अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु केंद्रों पर सफल हमले का दावा किया है। ईरान ने भी इस्राइल में कई ठिकानों पर मिसाइलें दागीं।

ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को दस दिन पूरे। प्रतीकात्मक फोटो

ईरान और इजरायल के तनाव को 10 दिन पूरे हो चुके हैं। यह संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। संघर्ष विराम के लिए स्विट्जरलैंड के जिनेवा में ईरान और यूरोपीय देशों के बीच हुई बातचीत भी बेनतीजा रही। वहीं इस्राइल ने कहा है कि वह लंबे सैन्य अभियान के लिए तैयार है। अमेरिका भी खुलकर युद्ध में कूद गया है। अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु केंद्रों पर सफल हमले का दावा किया है। ईरान ने भी इस्राइल में कई ठिकानों पर मिसाइलें दागीं।

अगला कदम ईरानी सरकार को उठाना है- रुबियो

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को कहा कि अगला कदम ईरानी सरकार को उठाना है। एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में रुबियो ने कहा, ‘अगर शासन शांति चाहता है, तो हम शांति के लिए तैयार हैं। अगर वे कुछ और करना चाहते हैं, तो वे असुरक्षित हैं। वे अपने स्वयं के हवाई क्षेत्र की भी रक्षा नहीं कर सकते।’ मार्को रुबियो ने क्षेत्र के उन देशों पर ईरानी हमलों के खिलाफ भी चेतावनी दी, जो अमेरिकी सैन्य बलों की मेजबानी करते हैं। रुबियो ने आगे कहा, ‘यही कारण है कि वे वहां हैं। वे सभी ठिकाने वहां इसलिए हैं क्योंकि उन देशों को डर है कि ईरान उन पर हमला कर देगा।’

ईरान पर अमेरिकी हमले को लेकर बुलाई बैठक

ईरान पर अमेरिका के हमले को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई गई है। राजनयिकों ने बताया कि ईरान ने बैठक का आग्रह किया है। इसके साथ ही उसने 15 सदस्यीय संगठन से आक्रामकता के इस घोर और गैरकानूनी कृत्य पर ध्यान देने व इसकी कड़े शब्दों में निंदा करने की अपील की है। वहीं इस्राइल के संयुक्त राष्ट्र राजदूत डैनी डैनन ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल किसी भी निंदा के पात्र नहीं हैं, बल्कि दुनिया को सुरक्षित जगह बनाने के लिए प्रशंसा और आभार के पात्र हैं।

अभी खेल खत्म नहीं हुआ- खामेनेई के सलाहकार

ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिकी हमलों का किसी तरह से जवाब दिया जाना चाहिए। ईरानी न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से फोन पर बात की। उनसे कहा कि अमेरिकियों को उनके हमने का जवाब मिलना चाहिए। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के सलाहकार अली शमखानी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि भले ही परमाणु स्थल नष्ट हो जाएं, लेकिन खेल खत्म नहीं हुआ है।

अमेरिका ने चीन से किया आग्रह

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को चीन से आग्रह किया है कि वह ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद न करने के लिए प्रोत्साहित करें। ईरान की संसद ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद को मंजूरी दे दी है। इस रास्ते से दुनिया का करीब 20 फीसदी तेल और गैस का व्यापार होता है।

ईरान में 865 की मौत, इजरायल के कई शहरों में बमबारी

शनिवार रात अमेरिका ने भी ईरान पर हमला किया। वहीं, अब ईरान ने भी इजरायल के कई शहरों पर भयंकर बमबारी की है। ईरान ने तेल अवीव समेत आसपास के शहरों पर मिसाइलें बरसाईं हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इजरायली हमले में अब तक ईरान के 865 लोगों की मौत हो गई है और 3,396 से ज्यादा लोग घायल हैं। वहीं, अब ईरान ने तेल अवीव समेत इजरायल की 10 से ज्यादा जगहों को निशाना बनाया है।

ईरान ने इजरायल पर दागी मिसाइलें

अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने इजरायल पर मिसाइल दागना शुरू कर दिया है। रविवार सुबह ईरान ने इजरायल की राजधानी तेल अवीव समेत आसपास की 10 जगहों को निशाना बनाया। ईरान की एक बैलिस्टिक मिसाइल इजरायल के हाइफा शहर में गिरी, जहां एअर सायरन भी नहीं बजा। टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के इस हमले में कुल 11 लोग घायल हुए हैं।