
दशकों तक जनजतीय और समाज के पिछड़े लोगों के लिए संघर्ष करने वाला मसीहा अब इस दुनिया में नहीं रहा। जी हां, हम बात कर रहे हैं झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन की। सोमवार की सुबह 8:56 बजे दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में उनका निधन हो गया। वे किडनी की बीमारी से पीड़ित थे।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कई अन्य नेताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका डेढ़ महीने से इलाज चल रहा था।
जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किया था संघर्ष: अमित शाह
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन की सूचना अत्यंत दु:खद है। झारखंड में जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तीकरण के लिए उन्होंने दशकों तक संघर्ष किया। अपने सहज व्यक्तित्व और सरल स्वभाव से वे जन-जन से जुड़े। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल सोरेन परिवार और उनके प्रशंसकों व समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

दुमका ने राजनीति की दुनिया में फर्श से अर्श तक पहुंचाया
अखंड बिहार में हजारीबाग और अब रामगढ़ के गोला से सटे नेमरा गांव में 11 जनवरी 1944 को शिबू सोरेन का जन्म हुआ था। शिबू सोरेन ने संघर्ष और आंदोलनों के दम पर राजनीति में फर्श से अर्श को हासिल किया। शिबू सोरेन स्व. प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की नेतृत्व वाली केंद्र की सरकार में दो बार कोयला मंत्री रहे। झारखंड में तीन बार मुख्यमंत्री बने। दुमका संसदीय सीट से वह 8 बार सांसद बने। इसके अलावा जामा विधानसभा से एक बार विधायक चुने गए। तीन बार राज्यसभा के सदस्य रहे।
देश के लिए अपूरणीय क्षति : अर्जुन मुंडा
बीजेपी नेता अर्जुन मुंडा ने जेएमएम के संरक्षक और झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन के निधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि शिबू सोरेन का निधन एक अपूरणीय क्षति है।
शिबू सोरेन के निधन की सूचना मिलने के बाद राजद सांसद मीसा भारती भी गंगाराम अस्पताल में पहुंचीं। उनके अलावा डीएमके नेता ए. राजा और टीआर बालू भी अस्पताल पहुंचे हैं।
हेमंत सोरेन-कल्पना सोरेन सर गंगाराम अस्पताल गए
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, झामुमो विधायक कल्पना सोरेन अपने दिल्ली स्थित आवास से सर गंगाराम अस्पताल के लिए रवाना हो गए हैं। अस्पताल में हेमंत सोरेन के पिता और झामुमो के संस्थापक संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर रखा गया है।
सोरेन ने जनजातीय समाज को समर्पित किया जीवन: योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिबू सोरेन के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन अत्यंत दु:खद है। जनजातीय समाज के उन्नयन में उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति प्रदान करें। ऊं शांति।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02











