
उत्तर प्रदेश के गोंडा में रविवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो नहर में पलट गई। हादसे में बोलेरो सवार 15 लोगों में से 11 की मौत हो गई। सभी लोग खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध ‘पृथ्वी नाथ मंदिर’ जा रहे थे। यह हादसा पारासराय अलावल देवरिया मार्ग पर रेहरा गांव के पास सरयू नहर पुल के करीब हुआ। सीएम योगी ने राहत के निर्देश दिए हैं।
गोंडा जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना हुई। यह हादसा इतना भयानक था कि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना इटियाथोक थाना क्षेत्र के बेलवा बहुता मजरा रेहरा गांव के पास हुई, जहां एक बोलेरो गाड़ी नियंत्रण खोकर नहर में जा गिरी, और उसमें सवार सभी 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, ये सभी लोग गोंडा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव से एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर निकले थे। उनका उद्देश्य था खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध ‘पृथ्वी नाथ मंदिर’ में जल चढ़ाना। लेकिन रास्ते में, अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे नहर में गिर गई।
पुलिस व प्रशासन ने बुलाए गोताखोर
हादसा इतना तेज़ और अप्रत्याशित था कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। गाड़ी पूरी तरह पानी में डूब गई और सभी यात्री उसमें फंस गए। जैसे ही स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली, अफरा-तफरी मच गई। लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई।

जानकारी होते ही स्वजन में मचा कोहराम
गाड़ी को नहर से बाहर निकालने का प्रयास किया गया। पानी में डूबे सभी शवों को बाहर लाने में कई घंटे लगे ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में मदद की। पूरा इलाका इस हादसे के बाद सन्नाटा और दुख में डूब गया। हर किसी की आंखें नम थीं। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल जैसे ही मृतकों की पहचान हुई और उनके परिवार वालों को सूचना दी गई, गाँव में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें- साबरमती एक्सप्रेस हादसे की वजह आई सामने, दिल्ली-हावड़ा ट्रैक की मरम्मत में हुई थी लापरवाही, रेल संरक्षा आयुक्त पहुंचे
यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण: सीएम योगी
इस हृदयविदारक हादसे पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए। साथ मृतकों के स्वजन के लिए पांच लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया। प्रशासन को मामले की पूरी जांच करने के आदेश भी दिए हैं।
हादसे में मृतकों के नाम
बीना, काजल, महक, दुर्गेश, नंदिनी, अंकित, शुभ, संजू वर्मा, अंजू, अनसुइया व सौम्या।
ये हैं सुरक्षित
- सीतासरन चालक, रामलखन, पिंकी कसौधन, अभिषेक।
- नहर में अभी एक और व्यक्ति के डूबे होने की आशंका
दुर्घटना स्थल पर पहुंचे मंडल आयुक्त
दुर्घटना स्थल पर आयुक्त देवीपाटन मंडल शशिभूषण लाल सुशील, आइजी अमित पाठक पहुंच गए हैं। दुर्घटना में बची एक बालिका के अनुसार बोलेरो में 16 लोग सवार थे। ऐसे में एनडीआरएफ की टीम एक व्यक्ति की तलाश नहर में कर रही है। एसपी विनीत जायसवाल भी मौके पर हैं। वहीं, प्रभारी डीएम अंकिता जैन मेडिकल कालेज से संबंद्ध बाबू ईश्वरशरण चिकित्सालय में घायलों से मिलीं।
सत्यवार्ता से अपने मोबाइल पर खबरें पाने के लिए वॉट्सएप चैनल को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VaB40FS2ZjCiiziPWL02











